UP News : उत्तर प्रदेश के विद्यालयों में अब प्रार्थना सभा को और प्रभावी, संगीतमय और व्यवस्थित बनाने की तैयारी की जा रही है. योगी सरकार की पहल के तहत प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं की संगीतबद्ध वीडियो सामग्री तैयार की जाएगी. इन प्रार्थनाओं को संगीत और आधुनिक तकनीक के माध्यम से तैयार कर डिजिटल मंचों पर उपलब्ध कराया जाएगा.
इस पहल के तहत बुधवार को राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (SIET), निशातगंज में संगीत शिक्षकों और विद्यार्थियों की कार्यशाला आयोजित की गई. एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र के निर्देशन में हुई इस कार्यशाला में चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण संगीतमय प्रार्थना सामग्री उपलब्ध कराना और संगीत, तकनीक, अनुशासन एवं प्रेरक मूल्यों को विद्यालयी वातावरण से जोड़ना रहा.
स्टूडियो में होगी रीयल टाइम शूटिंग और रिकॉर्डिंग
एसआईईटी के निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि प्रदेश के सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभा में प्रेरणादायक और संगीतमय प्रार्थनाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है.
लखनऊ मंडल की टीम के सहयोग से 12 प्रार्थनाओं की रीयल टाइम शूटिंग और रिकॉर्डिंग की जाएगी. स्टूडियो में संगीत शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ रिकॉर्डिंग के बाद वीडियो सामग्री को तकनीकी रूप से संपादित कर तैयार किया जाएगा.
डिजिटल मंचों पर उपलब्ध होगी सामग्री
कार्यशाला में स्टूडियो रिकॉर्डिंग, कराओके तकनीक, लिरिक्स डिस्प्ले सिस्टम और ऑडियो मिक्सिंग तकनीक का लाइव डेमो दिया गया. शिक्षकों को रिकॉर्डिंग प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ समूह गायन का अभ्यास भी कराया गया.
तैयार वीडियो सामग्री को यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम सहित अन्य डिजिटल मंचों पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे विद्यालय और शिक्षक आवश्यकता के अनुसार इसका उपयोग प्रार्थना सभा में कर सकेंगे.
इन 12 प्रार्थनाओं की होगी रिकॉर्डिंग
इस पहल के तहत ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’, ‘हमको मन की शक्ति देना’, ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’, ‘तेरी है जमीन तेरा आसमान’, ‘ओ पालनहारे’, ‘तुम्हीं हो माता पिता तुम्हीं हो’, ‘तू प्यार का सागर है’, ‘ज्योति से ज्योति जगाते चलो’, ‘बादल पे पांव है’, ‘इंसाफ की डगर पे’, ‘हम होंगे कामयाब’ और ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं’ जैसी 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं को संगीतबद्ध कर वीडियो रूप में तैयार किया जाएगा.
कार्यशाला के बाद संगीत शिक्षकों और छात्राओं को एसआईईटी स्टूडियो का भ्रमण कराया गया और रिकॉर्डिंग से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई.
ये भी पढ़ें – सेमीकंडक्टर के ग्लोबल मंच पर यूपी की दस्तक, 17 से 19 सितंबर तक सेमीकॉन इंडिया 2026 का दिल्ली में आयोजन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









