Haryana News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में आयोजित विश्व सनातन धर्म सभा के वार्षिक अधिवेशन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने समाज सेवा में समर्पित विभूतियों के बीच उपस्थित होने को अपने लिए सौभाग्य की बात बताया. मुख्यमंत्री ने आयोजन के लिए विश्व सनातन धर्म सभा के पदाधिकारियों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं को बधाई दी.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के शुभ सप्ताह में आयोजित यह समारोह सेवा, संस्कार और राष्ट्र संकल्प का पवित्र संगम है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन का हर क्षण भारत माता की सेवा, गरीबों के कल्याण और राष्ट्र के गौरव के लिए समर्पित किया है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री का जन्म दिवस पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है.
सनातन धर्म केवल पूजा पद्धति नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा पद्धति नहीं सिखाता, बल्कि जीवन जीने की दृष्टि भी देता है, उन्होंने कहा कि आज दुनिया को केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि आत्मिक शांति की भी जरूरत है. इसके लिए तकनीक के साथ मानवीय संवेदना, सामर्थ्य के साथ संयम और सद्भाव जरूरी है, उन्होंने कहा कि इन सभी प्रश्नों का समाधान भारत की सनातन संस्कृति में निहित है.
सनातन संस्कृति अतीत की विरासत ही नहीं
CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि विश्व सनातन धर्म सभा धर्म गुरुओं और अलग-अलग समुदायों के पदाधिकारियों को सम्मानित कर महान परंपरा को आगे बढ़ा रही है, उन्होंने सम्मानित होने वाले लोगों को संस्कृति के जागरूक प्रहरी बताया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति का सम्मान केवल उसके कार्यों का अभिनंदन नहीं होता, बल्कि समाज के सामने एक आदर्श भी स्थापित करता है, उन्होंने धर्म स्थलों से नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे संदेश घर-घर पहुंचाने की अपील की,उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति केवल अतीत की विरासत नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य का मार्ग भी है. मुख्यमंत्री ने लोगों से प्रत्येक परिवार में संस्कार का दीप जलाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया.
ये भी पढ़ें – सेमीकंडक्टर के ग्लोबल मंच पर यूपी की दस्तक, 17 से 19 सितंबर तक सेमीकॉन इंडिया 2026 का दिल्ली में आयोजन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









