PM Modi Birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज 17 सितंबर को 76वां जन्मदिन है. इस मौके पर देश और दुनिया से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं. जन्मदिन के अवसर पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. बीजेपी और केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के लिए आशीर्वाद देने के उद्देश्य से दीप जलाने का आह्वान किया है.
आज से 17 अक्टूबर तक बीजेपी की ओर से संकल्प सेवा अभियान की शुरुआत की जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में रहेंगे, जहां वह SEMICON India 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.
गुजरात में शुरू हुए बड़े आयोजन
प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात में जन्मदिन के कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है. अहमदाबाद में पीएम मोदी की लंबी उम्र की कामना के लिए 11 हजार दीये जलाए गए. वहीं, आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जगन्नाथ मंदिर में विशेष आरती करेंगे.
पीएम मोदी के होमटाउन वडनगर में भी बड़े स्तर पर आयोजन किए जा रहे हैं. यहां कार्यक्रमों की शुरुआत बड़ी कलश यात्रा के साथ होगी. गुजरात के चार प्रमुख मंदिरों से निकली कलश यात्रा वडनगर पहुंचेगी. इसके बाद अमित शाह बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे.
काशी से वडनगर तक जाएगी सेवा संकल्प बाइक रैली
सेवा संकल्प बाइक रैली वाराणसी से भी शुरू होगी, जिसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे. यह यात्रा 22 दिनों तक चलेगी और 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1159 गांवों तक पहुंचेगी. काशी में बाइक रैली से पहले सेवा यात्री गंगा जल लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे. इसके बाद रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से यात्रा को रवाना किया जाएगा.
उज्जैन में 25 लाख दीयों से होगा दीपोत्सव
मध्य प्रदेश के उज्जैन में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान शिप्रा घाटों को 25 लाख से अधिक दीयों से रोशन किया जाएगा. कार्यक्रम में करीब 30 हजार वालंटियर शामिल होंगे.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अमित शाह समेत कई नेता जन्मदिन से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे. बीजेपी के अनुसार, सेवा संकल्प बाइक रैली के माध्यम से देशभर के लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है.
ये भी पढ़ें – सेमीकंडक्टर के ग्लोबल मंच पर यूपी की दस्तक, 17 से 19 सितंबर तक सेमीकॉन इंडिया 2026 का दिल्ली में आयोजन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









