Uttar Pradesh

योगी सरकार की नई पहल, सरकारी अस्पतालों में हथकरघा उत्पादों की खरीद से बुनकरों को मिलेगा बाजार

UP News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हथकरघा क्षेत्र को मजबूत करने और बुनकरों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल करने जा रही है. अब सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में इस्तेमाल होने वाले कई उत्पाद हथकरघा से जुड़े बुनकरों से खरीदने की तैयारी है. इससे बुनकर परिवारों को नियमित रोजगार और उनके उत्पादों के लिए एक बड़ा बाजार मिल सकेगा.

सरकार की प्रस्तावित योजना के तहत अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाली बेडशीट, तकिया कवर और गॉज बैंडेज क्लॉथ जैसे उत्पादों की आपूर्ति हथकरघा क्षेत्र के जरिए की जाएगी. इससे सरकारी संस्थानों की जरूरतें पूरी होंगी और प्रदेश के बुनकरों को आर्थिक मजबूती मिलने का रास्ता तैयार होगा.

मंत्री राकेश सचान ने दिए निर्देश

मंगलवार को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, तिलक मार्ग, डालीबाग स्थित सभाकक्ष में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्वास्थ्य विभाग में इस्तेमाल होने वाले हथकरघा उत्पादों की खरीद और आपूर्ति व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत सरकारी चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा निर्मित बेडशीट और गॉज बैंडेज की खरीद सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार किया गया. मंत्री ने अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था को जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए.

बुनकर परिवारों को मिलेगा स्थायी बाजार

मंत्री राकेश सचान ने कहा कि सरकारी खरीद का उद्देश्य केवल उत्पादों की खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से बुनकर परिवारों को लगातार रोजगार और स्थायी बाजार उपलब्ध कराना है. सरकारी संस्थानों में स्थानीय बुनकरों के बनाए उत्पादों की खरीद बढ़ने से हथकरघा क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है.

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में जरूरत के अनुसार बेडशीट, तकिया कवर और गॉज बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति की जाएगी. इसके लिए प्रदेश के बुनकरों और बुनकर सहकारी समितियों से गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कराया जाएगा.

गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति पर रहेगा जोर

बैठक में मंत्री ने निर्देश दिए कि चिकित्सा संस्थानों को उपलब्ध कराए जाने वाले सभी उत्पाद तय मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता वाले होने चाहिए. साथ ही उन्होंने आपूर्ति व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और जरूरी दिशा-निर्देश जल्द जारी करने को कहा.

बैठक में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय, संयुक्त आयुक्त पीसी ठाकुर सहित चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें – सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर शाहजहांपुर अव्वल, रामपुर को मिला दूसरा स्थान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button