Haryana News : पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस अभियान की व्यापक तैयारियां की गई हैं. आगामी 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. मुख्यमंत्री ने राष्ट्र के प्रति उनकी लगातार 25 वर्षों की असाधारण, अविराम और समर्पित सेवाओं को नमन किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का कार्यकाल सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी अध्याय है, उन्होंने कहा कि यह 25 वर्षों की यात्रा किसी एक व्यक्ति की यात्रा नहीं, बल्कि भारत के बढ़ते आत्मविश्वास की यात्रा है. उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंचों पर विश्व को दिशा देने वाला विश्व मित्र बनकर उभरा है.
17 सितंबर से शुरू होगा अभियान
मुख्यमंत्री के मुताबिक, हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. इसका शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा दिवस के रूप में होगा. इस दिन रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे और शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने हरियाणा के प्रत्येक परिवार से शाम 7 बजे अपने घर में आशीर्वाद का दीया जलाने का आह्वान किया.
आंगन का मिलन’ कार्यक्रम होंगे
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी विद्यालयों में ‘सेवा चित्र’ विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी. ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक, संवाद और भावनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए प्रधानमंत्री की परिवर्तन यात्रा को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा.
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम होंगे. वहीं, ‘कहानी बदलाव की’ अभियान के जरिए देश के 25 लाख नागरिकों की सच्ची परिवर्तन कथाओं को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा. ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे.
हरियाणा को लेकर भी सीएम ने गिनाईं उपलब्धियां
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि 2014 से पहले दुनिया भारत को ‘फ्रेजाइल फाइव’ अर्थव्यवस्थाओं में गिनती थी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की बाहरी और आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई तथा विकास के साथ अपनी संस्कृति और विरासत पर गर्व करना भी सीखा गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और गरीब कल्याण की सोच के परिणामस्वरूप करीब 25 करोड़ देशवासी गरीबी रेखा से बाहर आए, उन्होंने युवा शक्ति को आशा, नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता से जोड़ने तथा ‘वूमेन लेड डेवलपमेंट’ का मंत्र देने की बात भी कही. ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ से शुरू हुई यात्रा 3 करोड़ लखपति दीदियों के रूप में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता तक पहुंची है. कृषि क्षेत्र में भी ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं.
हरियाणा को 7 लाख करोड़ से अधिक
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री की कर्मभूमि है और राज्य से उनका विशेष लगाव है. पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा को 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है. प्रधानमंत्री अपने कार्यकाल के दौरान हरियाणा 18 बार आए हैं. हाइड्रोजन रेल, सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और लाड़ली सखी जैसी योजनाओं से हरियाणावासी लाभान्वित हुए हैं.
वडनगर से निकलेंगी विशेष यात्राएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से विशेष यात्राएं निकाली जाएंगी. ये यात्राएं 20 अलग-अलग तालियों और मार्गों से होकर करीब 10 राज्यों से गुजरेंगी. ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे. इसके अलावा ‘सेवा रंग’, हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी होंगे.
मुख्यमंत्री के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान का भव्य समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट’ के रूप में होगा, उन्होंने हरियाणावासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









