Delhi-NCR Weather : दिल्ली-NCR में कई दिनों से जारी तेज धूप और उमस के बीच शुक्रवार को मौसम करवट ले सकता है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 11 सितंबर को राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है. वहीं, 12 सितंबर को हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ मौसमी प्रणालियों के असर से आने वाले दिनों में बादल और बारिश का दौर बना रह सकता है.
शुक्रवार को राजधानी में आसमान के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है. सुबह से दोपहर के बीच कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान आंधी चलने और बिजली चमकने की भी संभावना है. दोपहर के बाद से रात तक भी कुछ क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिन बढ़ने के साथ हवा की दिशा में बदलाव होने की संभावना है.
गर्मी से जल्द मिलेगी बड़ी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. ऐसे में दिल्लीवासियों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इससे एक दिन पहले, 10 सितंबर को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहे, लेकिन तेज धूप का असर बना रहा. न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था. अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा रहा.
पिछले 24 घंटे में तापमान
पिछले 24 घंटों में राजधानी में न्यूनतम तापमान 23 से 27 डिग्री और अधिकतम 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ. इस दौरान पश्चिमी हवाओं की गति 15 से 20 किमी प्रति घंटा रही. पालम में दिन के समय हवा की रफ्तार 37 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








