Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का 11 सितंबर को प्रस्तावित बुलंदशहर दौरा हेलिकॉप्टर की लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के बाद विवादों में आ गया है. स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हेलिकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं दी. इससे नाराज अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हेलीपैड का वीडियो साझा करते हुए प्रशासन पर सवाल उठाए हैं.
अखिलेश यादव ने कहा कि बुलंदशहर के हेलीपैड पर दूर-दूर तक जलभराव नहीं है, उन्होंने आरोप लगाया कि सीमेंट, गारा और पेवर ब्लॉक दिखाकर उनके कार्यक्रम को रद्द करने का बहाना तलाशा जा रहा है. सपा प्रमुख ने निष्पक्ष विशेषज्ञों से पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में जांच कराने की मांग की.
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि अगर वह सड़क मार्ग से बुलंदशहर आते हैं तो क्या एक्सप्रेसवे, हाईवे या सड़क की खराब स्थिति का हवाला देकर कार्यक्रम रोकने की कोशिश की जाएगी. अखिलेश ने पूछा कि हेलीपैड और मौसम केवल विपक्ष के लिए ही खराब क्यों होता है.
प्रशासन ने आरोपों को किया खारिज
बुलंदशहर प्रशासन ने सपा के आरोपों को खारिज किया है. एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि संबंधित एक्सईएन से रिपोर्ट मांगी गई थी. जांच में मैदान को हेलिकॉप्टर लैंडिंग के लिए सुरक्षित नहीं बताया गया. इसके बाद वीवीआईपी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए अनुमति नहीं दी गई.
सिटी मजिस्ट्रेट जेपी पांडेय ने भी अनुमति नहीं दिए जाने की वजह पानी भरना बताया है.
सपा ने लगाया सत्ता पक्ष के दबाव का आरोप
सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली ने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है और पार्टी के कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है. हेलिकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति रद्द होने के बाद पार्टी की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है. इस मामले को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी है. कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रशासन ने जानबूझकर हेलिकॉप्टर उतरने की अनुमति नहीं दी.
ये भी पढ़ें – योगी सरकार की नीतियों से यूपी में उद्योगों का बढ़ा भरोसा, उद्यमियों ने सरकार के प्रयासों को सराहा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









