Punjab News : आंतरिक सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पंजाब पुलिस ने 10वीं उत्तरी क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति (NRPCC) की बैठक आयोजित की. बैठक में सीमा पार आतंकवाद, गैंगस्टर सिंडिकेट, संगठित अपराध और साइबर अपराध जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया.
बैठक की अध्यक्षता पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने क. इसमें बीएसएफ, आईटीबीपी, चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उत्तराखंड और लद्दाख के डीजीपी भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए. हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों की पुलिस तथा CRPF, NIA और SIB के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया.
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि अपराध और सुरक्षा से जुड़े खतरे अब राज्यों की सीमाओं तक सीमित नहीं हैं. ऐसे में खुफिया जानकारी साझा करना, एजेंसियों के बीच तेज समन्वय और संयुक्त कार्रवाई बेहद जरूरी है.
सड़क हादसों में 52.87 फीसदी की कमी
बैठक में पंजाब की सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) के मॉडल पर भी प्रस्तुति दी गई. विशेष डीजीपी ट्रैफिक ए.एस. राय ने बताया कि इसके चलते सड़क मौतों में 52.87 प्रतिशत की कमी आई है. SSF का औसत प्रतिक्रिया समय 6 मिनट 41 सेकंड रहा और 56,283 सड़क दुर्घटनाओं में 60,570 से अधिक लोगों की जान बचाई गई. लद्दाख के डीजीपी ने इस मॉडल में रुचि जताई.
पंजाब पुलिस ने बताया कि विदेशों में बैठकर अपराध और आतंकवाद को अंजाम देने वाले भगोड़ों पर कार्रवाई के लिए ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रडीशन सेल (OFTEC) बनाया गया है. वर्ष 2024 से अब तक 17 भगोड़ों को भारत लाया गया है या उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गई है.
ड्रोन तस्करी रोकने पर खास फोकस
बैठक में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थों की सीमा पार तस्करी रोकने पर भी चर्चा हुई. पंजाब में तीन एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं. इसके अलावा करीब 600 कर्मचारियों के साथ 64 नाके 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं.
बैठक में एआई और नई तकनीक के इस्तेमाल, आतंकवादी-गैंगस्टर गठजोड़, साइबर अपराध, सोशल मीडिया निगरानी और नए आपराधिक कानूनों जैसे मुद्दों पर भी राज्यों ने अपने अनुभव साझा किए.
ये भी पढ़ें – यूपी का मतलब अल्टीमेट पोटेंशियल, टेक्सटाइल सेक्टर बनेगा नई औद्योगिक ताकत: सीएम योगी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









