Uttar Pradesh

मुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर अखिलेश पर बरसे संगीत सोम, बोले- ‘न माफ किया था, न करेंगे’

Lucknow News : मुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर सियासत एक बार फिर गरमा गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम ने उन पर तीखा हमला बोला. सोम ने आरोप लगाया कि जब मुजफ्फरनगर में हिंसा के दौरान हिंदू मारे जा रहे थे और पश्चिमी उत्तर प्रदेश हिंसा की आग में जल रहा था, तब अखिलेश यादव सैफई में डांस देख रहे थे. उन्होंने कहा कि सनातनी मुजफ्फरनगर दंगे को न भूले हैं और न ही कभी भूलेंगे.

संगीत सोम ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सोमवार की प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव मुजफ्फरनगर दंगे की बरसी पर कुछ बोलेंगे और सनातनियों से माफी मांगेंगे. उनके मुताबिक अखिलेश यादव को यह बताना चाहिए था कि उनके शासन में हजारों हिंदुओं के साथ क्या हुआ. सोम ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि अखिलेश यादव को आज भी अपने कथित किए की याद नहीं आई.

उन्होंने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर में अखिलेश यादव के इशारे पर पुलिस ने हिंदुओं पर गोली चलाई और दंगे कराए गए, उन्होंने अखिलेश यादव के राजनीतिक इतिहास को सनातन विरोधी बताते हुए कहा कि कभी राम मंदिर के भक्तों पर गोली चलवाई गई तो कभी दंगे कराए गए.

सहारनपुर कार्रवाई पर भी साधा निशाना

संगीत सोम ने सहारनपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि सरकारी बिल्डिंग पर बने अवैध निर्माण को हटाया गया है, लेकिन अखिलेश यादव इस कार्रवाई को लेकर बौखला गए हैं, उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश यादव भूमाफियाओं के साथ हैं? सोम ने कहा कि कब्जे वाली जमीन और इस तरह के अवैध मस्जिद-मजार निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

अंकित बालियान हत्याकांड का भी किया जिक्र

मुरादाबाद के अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए सोम ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव राजनीतिक फायदे के लिए ऐसी घटनाओं पर नजर रखते हैं और एनकाउंटर होने के बाद माफियाओं का साथ देने लगते हैं, उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगा नहीं हो सकता और प्रदेश में कानून का राज है.

अखिलेश को विकास से मतलब नहीं

संगीत सोम ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को प्रदेश में बन रहे पर्यटन स्थलों, एम्स और एक्सप्रेस-वे से कोई मतलब नहीं है, उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव केवल डांस देखने में व्यस्त रहते थे और उन्हें माफियाओं से मतलब था, उन्होंने अखिलेश यादव को ‘मुगल शासन का आखिरी शासक’ बताते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में मुगल शासन नहीं चलेगा. सोम ने अपने ऊपर हुई कार्रवाई का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने उन पर फर्जी रासुका लगाई और कई निर्दोष लोगों को जेल भेजा.

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी हमला

सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर सोम ने कहा कि दोनों दल खुद को बड़ी पार्टी मान रहे हैं, उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव कांग्रेस को 20-30 सीट में निपटाना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस 200 सीट मांग रही है, उन्होंने कहा कि इस गठबंधन का कोई पता नहीं कि कब और कैसे होगा.

सोम ने दावा किया कि बीजेपी 300 सीटों के साथ उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी, उन्होंने कहा कि बीजेपी जमीन पर चुनाव लड़ रही है और काम भी कर रही है.

PDA फॉर्मूले पर कसा तंज

वहीं, सपा के PDA फॉर्मूले पर तंज कसते हुए संगीत सोम ने कहा, ‘पी से पापी, डी से डकैत, ए से अपराधी,’ उन्होंने इसे छलावा बताया. सोम ने कहा कि प्रदेश में सड़कें, स्कूल-कॉलेज बन रहे हैं, निवेश आ रहा है और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधर रहा है, उन्होंने दावा किया कि चुनाव में सपा बसपा से भी पीछे रहेगी.

ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button