Politics, News : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित अवैध ढांचे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों पर योगी सरकार के मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने तीखा पलटवार किया है. भाजपा नेताओं ने अखिलेश यादव के बयान को निंदनीय बताते हुए कहा कि प्रशासन ने न्यायालय के आदेश के तहत कार्रवाई की है.
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सहारनपुर मामले में प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया है, उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी इस मामले को लेकर गंभीर है और जनता को गुमराह नहीं कर रही है तो उसके नेताओं को न्यायालय जाना चाहिए और आदेश के खिलाफ अपील करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि झूठ को आधार बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास नहीं होना चाहिए. राजभर ने कहा कि सपा 10 साल से सत्ता से बाहर है, इसलिए उसकी परेशानी समझी जा सकती है, लेकिन ऐसे बयान नहीं देने चाहिए जिन्हें जनता गंभीरता से लेना ही छोड़ दे, उन्होंने इसे विपक्ष की ओर से डाली जा रही गलत परिपाटी बताया.
अवैध मस्जिद के बहाने धार्मिक उन्माद की कोशिश
कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अवैध मस्जिद के बहाने धार्मिक उन्माद पैदा करने का प्रयास कर रही है, उन्होंने कहा कि कार्रवाई किसी धार्मिक ढांचे के खिलाफ नहीं, बल्कि सरकारी जमीन पर हुए अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ हुई है.
उनके मुताबिक प्रशासन ने मनमाने तरीके से कार्रवाई नहीं की, बल्कि अदालत के आदेश की पुष्टि के बाद कानूनी कदम उठाया, उन्होंने सपा पर वोट बैंक की राजनीति के लिए अवैध अतिक्रमण का बचाव करने का आरोप लगाया.
अखिलेश यादव गलत नैरेटिव गढ़ते हैं
वहीं, राज्यसभा सदस्य बृजलाल ने कहा कि अखिलेश यादव हमेशा गलत नैरेटिव गढ़ते हैं. उनके मुताबिक सहारनपुर का संबंधित ढांचा सरकारी जमीन पर था और कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत हुई. मामला पहले सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में गया और बाद में न्यायिक अदालत में सुनवाई हुई. जिला जज की अदालत के निर्णय के बाद सरकारी जमीन पर बने ढांचे को हटाया गया.
असीम अरुण ने उठाया जिलों के नाम बदलने का मुद्दा
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने अखिलेश यादव के भगवान बुद्ध के प्रति प्रेम पर सवाल उठाया, उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते भगवान बुद्ध से जुड़े जिलों के नाम बदले गए, उन्होंने महामाया नगर, पंचशील नगर और प्रबुद्ध नगर के नाम बदले जाने का जिक्र किया.
ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









