राष्ट्रीय

9/11 संदिग्ध के अल-कायदा और सऊदी कनेक्शन का खुलासा, दावा- FBI के पास थे सबूत, फिर भी नहीं की कार्रवाई

9/11 25 Years : अमेरिका में 9/11 आतंकी हमले के 25 साल पूरे होने से पहले इस मामले की पुरानी जांच से जुड़ा एक अहम सबूत सामने आया है. बीबीसी की पड़ताल में ओमर अल-बायूमी से जुड़ी ऐसी वीडियो फुटेज मिली है, जो अब तक सार्वजनिक नहीं हुई थी. इसमें बायूमी को अल-कायदा के भविष्य के नेता अनवर अल-अवलाकी के साथ सैन डिएगो के पास पेंटबॉल खेलते देखा जा सकता है.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह फुटेज 1997 या 1998 की शुरुआत की है. वीडियो में बायूमी, अवलाकी और कुछ अन्य लोग सैन्य शैली में पेंटबॉल खेलते नजर आते हैं. कुछ लोगों ने आर्मी जैसे कपड़े पहने हुए थे और खेल के दौरान धार्मिक नारे भी लगाए गए. जांच में शामिल अधिकारियों को उस समय बताया गया था कि कुछ लोग ऐसे पेंटबॉल सत्रों का इस्तेमाल जिहाद की ट्रेनिंग के लिए करते थे.

एक अन्य वीडियो में जनवरी 1998 में बायूमी और अवलाकी एक-दूसरे को गले लगाते नजर आते हैं.

बायूमी के सऊदी संपर्क भी जांच के घेरे में

बायूमी 1994 में सऊदी अरब से सैन डिएगो आया था. उसका कहना था कि वह अंग्रेजी सीखने के लिए अमेरिका आया है, लेकिन बाद के दस्तावेजों से पता चला कि वह धार्मिक गतिविधियों में अधिक सक्रिय था. उसके सऊदी अधिकारियों और इस्लामिक मामलों के मंत्रालय से जुड़े लोगों से संपर्क की जानकारी भी जांच में सामने आई.

बायूमी का नाम तब और महत्वपूर्ण हो गया, जब नवाफ अल-हाजमी और खालिद अल-मिहधर के अपार्टमेंट किराए के समझौते में उसका नाम मिला. दोनों 9/11 हमले के 19 अपहरणकर्ताओं में शामिल थे.

ब्रिटेन में मिला था विमान का स्केच

हमले के कुछ दिन बाद बायूमी ब्रिटेन के बर्मिंघम चला गया, जहां 21 सितंबर 2001 को उसे गिरफ्तार किया गया. तलाशी में हजारों दस्तावेज, तस्वीरें और कम से कम 80 वीडियो टेप मिले. इनमें एक नोटबुक का पन्ना भी था, जिस पर विमान का स्केच और उसकी ऊंचाई व लक्ष्य से दूरी से जुड़े गणितीय हिसाब लिखे थे.

9/11 पीड़ित परिवारों की कानूनी टीम ने इसे महत्वपूर्ण सबूत माना. हालांकि यह सामग्री समय पर सैन डिएगो के एफबीआई जांचकर्ताओं और 9/11 आयोग तक नहीं पहुंच सकी. बायूमी पर कभी कोई आरोप तय नहीं हुआ. उसने 9/11 हमले में किसी भूमिका से लगातार इनकार किया है. सऊदी अरब भी अपनी सरकार या अधिकारियों की किसी भूमिका के आरोपों को खारिज करता रहा है.

ये भी पढ़ें- 11 हजार छात्रों को बड़ा तोहफा, UPSC, SSC, Banking समेत इन प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री तैयारी कराएगी सरकार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button