Jharkhand

झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन, देर रात पड़ा दिल का दौरा

Jharkhand News : झारखंड की राजनीति से रविवार सुबह बेहद दुखद खबर सामने आई है. झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह सदर से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का निधन हो गया है. देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गिरिडीह के मर्सी अस्पताल ले जाया गया. जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही गिरिडीह से लेकर पूरे झारखंड में शोक का माहौल बन गया.

जानकारी के मुताबिक शनिवार देर रात सुदिव्य कुमार सोनू की तबीयत अचानक खराब हुई, उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई. जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की. लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और देर रात उनका निधन हो गया. रिपोर्टों में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है.

अस्पताल में जुटने लगे समर्थक

मंत्री के निधन की खबर फैलते ही उनके समर्थक.पार्टी कार्यकर्ता, नेता और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचने लगे. गिरिडीह में माहौल गमगीन है. उनके निधन से झारखंड की राजनीति में भी शोक की लहर है.

सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। वह गिरिडीह विधानसभा सीट से लगातार दो बार विधायक चुने गए। 2019 में पहली बार विधानसभा पहुंचे और 2024 में दोबारा जीत दर्ज की. इसके बाद उन्हें हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री बनाया गया.

कई महत्वपूर्ण विभागों की संभाल रहे थे जिम्मेदारी

सुदिव्य कुमार सोनू के पास नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी थी. सरकार और पार्टी के भीतर उनकी सक्रिय भूमिका रही.

JMM ने जताया गहरा दुख

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गहरा शोक जताया है. पार्टी ने कहा कि उनके असामयिक निधन से पूरा झामुमो परिवार स्तब्ध और मर्माहत है. पार्टी ने उनके संघर्ष, सेवा और योगदान को याद करते हुए इसे झारखंड, सरकार और संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया.

सुदिव्य कुमार सोनू के अचानक निधन से गिरिडीह ने अपना एक प्रमुख राजनीतिक चेहरा खो दिया है. उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच शोक की स्थिति बनी हुई है.

ये भी पढ़ें- Kanpur Aircraft Crash : कानपुर में गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट और ट्रेनर की मौत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button