Delhi NCR

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश, रविवार को भी बरसेंगे बादल, जानें कैसा रहेगा मौसम

Delhi Weather : राजधानी दिल्ली में बारिश का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा. शनिवार को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. बारिश के चलते तापमान में अचानक गिरावट आई और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली. मौसम विभाग ने रविवार, 6 सितंबर को भी राजधानी के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. इसे देखते हुए विभाग ने येलो-ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली में इस साल अब तक इतनी बारिश हो चुकी है कि यह पूरे साल होने वाली सामान्य बारिश के आंकड़े को पार कर गई है. खास बात यह है कि साल खत्म होने में अभी करीब चार महीने बाकी हैं.

 सितंबर के पहले सप्ताह में भी दौर जारी

हालांकि, साल की शुरुआत में मौसम का मिजाज कुछ अलग रहा. सफदरजंग वेधशाला के रिकॉर्ड के अनुसार फरवरी, मई और जून में सामान्य से कम बारिश हुई. राजधानी में सामान्य तौर पर 27 जून के आसपास मॉनसून पहुंचता है, लेकिन इस बार पांच दिन की देरी के बाद 2 जुलाई को मॉनसून ने दस्तक दी.

मॉनसून के शुरुआती दौर में बारिश की रफ्तार धीमी रही, लेकिन बाद में इसमें तेजी आई. जुलाई और अगस्त में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई. सितंबर के पहले सप्ताह में भी बारिश का दौर जारी है.

रविवार को भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. रविवार के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है.

शनिवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.5 डिग्री कम रहा. शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 7.5 डिग्री की बड़ी गिरावट आई. न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

ये भी पढ़ें- Kanpur Aircraft Crash : कानपुर में गंगा बैराज पर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, पायलट और ट्रेनर की मौत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button