Delhi NCR Rain : दिल्ली-NCR में शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह भी बारिश का सिलसिला जारी रहा. नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया. जन्माष्टमी के दिन हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, हालांकि कई इलाकों में जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
शुक्रवार को दिल्ली में हुई तेज बारिश का असर आईजीआई एयरपोर्ट पर भी दिखाई दिया. पालम में 75.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज होने के बाद टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में पानी भर गया. टर्मिनल-3 के बाहर स्थिति ज्यादा खराब रही. यहां पानी मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया और करीब एक फुट तक जलभराव हो गया.
जलभराव का असर विमान सेवाओं पर भी पड़ा. दिल्ली पहुंचने वाली देश-विदेश की 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब 400 उड़ानें देरी से संचालित हुईं. आगमन की करीब 60 फीसदी और प्रस्थान की करीब 90 फीसदी उड़ानें प्रभावित रहीं. यात्रियों को 40 मिनट से लेकर एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा.
यात्रियों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा
दिल्ली में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे बारिश शुरू हुई और लगभग दो घंटे तक तेज बारिश होती रही. महज आधे घंटे में टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में पानी जमा होने लगा. बारिश बढ़ने के साथ पानी मुख्य गेट तक पहुंच गया.
फोरकोर्ट में करीब एक फुट पानी भरने के चलते यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई. जलभराव के कारण यात्रियों को एयरसाइड जाने से भी रोकना पड़ा. करीब 40 मिनट तक इंतजार के बाद यात्रियों को पानी के बीच से होकर बाहर निकलना पड़ा. कई यात्रियों के जूते भी पानी में भीग गए.
नोएडा की कई सड़कों पर जलभराव
शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश से नोएडा में भी कई जगह जलभराव की स्थिति बनी. गांवों को जोड़ने वाली और अंदरूनी सड़कों पर, जहां जलनिकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं है, पानी जमा हो गया.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








