Srinagar Airport : नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की एक उड़ान शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल से टकरा गई. घटना उस समय हुई, जब विमान को पार्किंग बे में ले जाया जा रहा था. राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं. हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
एयरपोर्ट प्राधिकरण के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9:02 बजे बे नंबर छह पर पार्क की जा रही थी. इसी दौरान विमान VDGS पोल के संपर्क में आ गया.
घटना के तुरंत बाद विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. यात्रियों को विमान से उतारने के लिए मैनुअल एयरक्राफ्ट सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया. पूरी प्रक्रिया के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई.
घटना की होगी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच
प्राधिकरण ने बताया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच संबंधित अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत करेंगे. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान पार्क करते समय VDGS पोल के संपर्क में आने की वास्तविक वजह क्या थी. फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है. अधिकारियों की जांच के बाद ही स्थिति की पूरी तस्वीर साफ होगी.
श्रीनगर एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य
एयरपोर्ट प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि घटना का हवाईअड्डे के सामान्य संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है. श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमानों का आगमन और प्रस्थान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है.
यानी घटना के बावजूद एयरपोर्ट का परिचालन सामान्य बना हुआ है और उड़ानों की आवाजाही पर किसी तरह का व्यवधान नहीं आया है.
ये भी पढ़ें- जन्माष्टमी पर कान्हा जी को लगाएं खास पंचामृत का भोग, जानें बनाने की आसान विधि
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









