Guru Ravidas Ji 650th Prakash Parv : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज समरसता संकल्प अभियान के सरकारी प्रस्ताव पर विधानसभा में अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विषय राजनीति से ऊपर उठकर चर्चा करने का विषय है। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने पूरे समाज को सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी ने कभी कटुता का जवाब कटुता से नहीं दिया, बल्कि अपनी वाणी और विचारों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने सभी लोगों से संत रविदास जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की।
विधानसभा में प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित करने की अपील
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा विधानसभा केवल एक भवन नहीं बल्कि प्रदेश के 3 करोड़ लोगों का सदन है। उन्होंने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि महान संतों की वाणी और उनके विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाए। उन्होंने विधानसभा में श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान पर लाए गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित करने का आह्वान किया।
650वें प्रकाश पर्व को लेकर जताया सौभाग्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हरियाणा के लिए परम सौभाग्य की बात है कि प्रदेश को श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को मनाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 में गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरे प्रदेश में भव्य और धूमधाम से मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज के कमजोर समझे जाने वाले वर्गों में आत्मविश्वास जगाने का काम किया। उनकी वाणी और शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
PM मोदी का जताया आभार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 20 हजार से अधिक गांवों की मिट्टी और 300 नदियों के जल के माध्यम से समरसता का संदेश देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत श्री गुरु रविदास जी के नाम पर करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
कुरुक्षेत्र में बनेगा भव्य गुरु रविदास धाम
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कुरुक्षेत्र के उमरी में 5 एकड़ भूमि पर भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह धाम संत रविदास जी की शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और मानवता का रास्ता दिखाते हैं।
ये भी पढ़ें- SCO समिट में पाकिस्तान की शर्मनाक हरकत, ग्रुप फोटो से PM मोदी की तस्वीर हटाई, ईरानी राष्ट्रपति को भी किया गायब
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









