Kaushambi Blast : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से सोमवार को एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने और कुछ के ध्वस्त होने की सूचना है. हादसे में चार से ज्यादा लोगों के हताहत होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि प्रशासन ने अभी मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे हुई। पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर आदित्य नाम से संचालित बताए जा रहे पटाखा गोदाम में अचानक विस्फोट हुआ. तेज धमाके के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया.
राहत और बचाव अभियान शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया है. बचाव दल घटनास्थल पर मलबा हटाने और संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं.
फिलहाल प्रशासन की ओर से हादसे में मरने वालों या घायलों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है. पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि गोदाम में विस्फोट किस वजह से हुआ और वहां कितनी मात्रा में पटाखे रखे गए थे.
चार मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
इससे पहले कासगंज में भी पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई थी. नगला पटिया गांव के पास हुई इस घटना में फैक्ट्री में मौजूद चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे. घायलों की पहचान रेहान (19), मोनू (21), सुनील (18) और अजय (22) के तौर पर हुई थी. पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के मुताबिक, घटना में किसी की मौत नहीं हुई थी और इलाके में कानून-व्यवस्था सामान्य रही.
ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









