Uttar Pradesh

बस्ती में महिला सिपाही की मौत के बाद बड़ा एक्शन, दो पुलिसकर्मी निलंबित

Crime News : उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 28 वर्षीय महिला सिपाही केसरी वर्मा की मौत के मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. दोनों पर आरोप है कि केसरी वर्मा की छुट्टी की अर्जी वरिष्ठ अधिकारी तक नहीं पहुंचाई गई. मामले की जांच हर्रैया के पुलिस क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छुट्टी की अर्जी को लेकर किस स्तर पर लापरवाही हुई.

केसरी वर्मा लालगंज थाने में तैनात थीं. उनके पति और कांस्टेबल नागेंद्र वर्मा के मुताबिक, 22 अगस्त को छुट्टी के बाद केसरी अपने घर प्रतापगढ़ से ड्यूटी पर लौट रही थीं. रास्ते में वह अपने भाई के साथ स्टेशन जा रही थीं. इसी दौरान उनकी स्कूटी अचानक असंतुलित होकर गिर गई. हादसे में उनके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी.

परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद केसरी का इलाज कराया गया. उनके सिर में टांके लगाए गए और सीटी स्कैन भी कराया गया. हालांकि, जांच में कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई. इसके बाद वह लालगंज थाने वापस पहुंच गईं.

पति ने छुट्टी की अर्जी को लेकर लगाए थे आरोप

नागेंद्र वर्मा के मुताबिक, हादसे के बाद केसरी उपचार के लिए छुट्टी लेना चाहती थीं, उन्होंने अपनी छुट्टी की अर्जी कांस्टेबल अब्बास अली और दीपक मिश्रा को सौंपी थी. आरोप है कि दोनों ने यह पत्र वरिष्ठ अधिकारी के पास नहीं भेजा.

नागेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि छुट्टी की अर्जी आगे नहीं भेजे जाने के कारण उनकी पत्नी इलाज के लिए छुट्टी नहीं ले सकीं और बाद में उनकी मौत हो गई.

आरोपों की जांच जारी

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात ड्यूटी पूरी करने के बाद नागेंद्र वर्मा वापस लौटे तो उन्होंने अपनी पत्नी की हालत गंभीर पाई. इसके बाद वह उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद केसरी वर्मा को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने बताया कि नागेंद्र वर्मा की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच हर्रैया के पुलिस क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं. वहीं, मामले में कांस्टेबल अब्बास अली और दीपक मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है.

ये भी पढ़ें- चीनी की उपलब्धता पर सीएम योगी सख्त, कहा- चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर होगी कार्रवाई

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button