Biharक्राइमबड़ी ख़बरराज्य

बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, भीड़ में घुसी तेज रफ्तार बस की चपेट में आई पांच जिंदगियां

Bihar Road Accident : पश्चिम चंपारण जिले में बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर शुक्रवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे हुए हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

छठिहार समारोह के दौरान सड़क किनारे जुटी थी भीड़

जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र दुबे के घर शुक्रवार को छठिहार समारोह आयोजित किया गया था। उनका घर NH-727 के किनारे स्थित है। समारोह के तहत घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था, जिसे देखने के लिए आसपास के लोग सड़क किनारे जमा थे। इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही शाही बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची और अचानक अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी। बस की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सामने से आ रहा था गैस सिलेंडर लदा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक भी आ रहा था। वहीं दूसरी तरफ से शाही बस बेतिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल में तीन और घायलों की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान तीन और घायलों की मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। वहीं पांच अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पांच परिवारों में पसरा मातम

मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी।

तेज रफ्तार को माना जा रहा संभावित कारण

स्थानीय लोगों के मुताबिक, NH-727 पर वाहनों की तेज रफ्तार के चलते हादसे का खतरा बना रहता है। समारोह के दौरान सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच बस के अचानक भीड़ में घुसने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह मान रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक NH-727 पर भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

ये भी पढ़ें – तेलंगाना की फार्मा यूनिट में जोरदार धमाका, दो की मौत; नौ गंभीर रूप से घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button