UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गंगा, घाघरा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भर गया है। कई जगहों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बिजनौर में गंगा नदी का पानी स्टेट हाईवे तक पहुंच गया है। सड़क के कुछ हिस्सों पर करीब 2 फीट तक पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है। लोग अपनी कार और बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से पानी पार कराकर ले जा रहे हैं।
नमो घाट की सीढ़ियां पानी में डूबी
वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों के आसपास बने कई मंदिरों में पानी प्रवेश कर गया है। मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के शवदाह स्थल भी प्रभावित हुए हैं। नमो घाट की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं, जबकि दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती अब छत पर आयोजित की जा रही है।
कई गांव बाढ़ की चपेट में आए
गोंडा जिले में घाघरा नदी के उफान के कारण कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। प्रशासन की ओर से मवेशियों के लिए भेजे गए सूखे भूसे को लेने के दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में भूसे का वितरण कराया गया।
ऊपरी मंजिलों पर रहने को मजबूर लोग
प्रयागराज में भी बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। करेली क्षेत्र में कई घरों में कमर तक पानी भर गया है। घरों का सामान पानी में डूब गया है और कई परिवारों को मजबूरी में ऊपरी मंजिलों पर रहना पड़ रहा है।
राजधानी लखनऊ, बाराबंकी समेत कई शहरों में बुधवार सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई। आगरा, वाराणसी और कानपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि बाद में कुछ इलाकों में मौसम साफ हो गया।
कई जगह स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई
मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 68 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रयागराज, गोंडा, कौशांबी, गाजीपुर और भदोही में कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं जौनपुर, सोनभद्र और मिर्जापुर में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन की टीमें प्रभावित इलाकों में नजर बनाए हुए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए राहत कार्य जारी हैं।
ये भी पढ़ें- इमरान खान से जेल में बहन और पत्नी की मुलाकात, सुप्रीम कोर्ट ने दिए इलाज के आदेश, सरकार दायर करेगी रिव्यू पिटीशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









