
Aban Postmortem Report : माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद का बृहस्पतिवार रात महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया गया। तीन डॉक्टरों के पैनल ने करीब साढ़े चार घंटे तक शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में अबान के शरीर पर कुल 23 चोटों की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे के दौरान लगी गंभीर अंदरूनी चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसकी मौत हुई।
तेज टक्कर से लिवर और फेफड़ा फटा, पसलियां भी टूटीं
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, सड़क हादसे में कार की तेज टक्कर के कारण अबान का लिवर और फेफड़ा फट गया था। उसकी तिल्ली भी क्षतिग्रस्त हुई, जबकि कई पसलियां टूट गई थीं। इसके अलावा सिर के अंदर भी गंभीर चोटें मिलीं। डॉक्टरों के अनुसार, इन चोटों की वजह से शरीर के भीतर काफी रक्तस्राव हुआ, जो उसकी मौत का प्रमुख कारण बना।
साथी सोनू के दोनों हाथ और सिर की हड्डी में फ्रैक्चर
हादसे में जान गंवाने वाले अबान के साथी सोनू उर्फ शाकिर के पोस्टमार्टम में भी गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। उसके दोनों हाथों के साथ सिर की हड्डी में फ्रैक्चर मिला। दोनों शवों का पोस्टमार्टम डॉ. पंकज मुसतारिया, डॉ. जिया जफर और डॉ. रजनीश यादव के पैनल ने किया। पैनल में शामिल डॉ. रजनीश यादव ने बताया कि अबान के सिर के भीतर भी गंभीर चोटें थीं।
पोस्टमार्टम के बाद भाई अहजम को सौंपा गया अबान का शव
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने अबान का शव उसके भाई अहजम अहमद को सौंप दिया। इसके बाद देर रात परिजन शव लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि अबान बृहस्पतिवार सुबह प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने के लिए निकला था।
क्रेटा कार में अबान समेत पांच लोग थे सवार
अबान के साथ क्रेटा कार में प्रयागराज के बादशाही मंडी निवासी अहजम पुत्र मोहम्मद फारूख, मोहम्मद जैद पुत्र जावेद, झलवा निवासी उरम पुत्र अरसद तथा सोनू पुत्र रज्जाक भी मौजूद थे। कार मोहम्मद जैद चला रहा था, जबकि अबान आगे की सीट पर बैठा हुआ था।
सड़क पर अचानक बछड़ा आने से अनियंत्रित हुई कार
हादसा झांसी से करीब 70 किलोमीटर पहले झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ था। बताया गया कि तेज रफ्तार कार के सामने अचानक बछड़ा आ गया, जिसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित कार डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में अबान और सोनू की मौके पर मौत
तेज टक्कर के बाद अबान अहमद और सोनू उर्फ शाकिर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कार में सवार अन्य तीन लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था।
ये भी पढ़ें – 39,000 से अधिक पुलिस-जन संवाद बैठकों ने मान सरकार के अभियान को दिया जन आंदोलन का रूप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









