राष्ट्रीय

परिसीमन बिल पर सरकार ने कांग्रेस से मांगा सहयोग, राहुल गांधी ने रखी शर्त

Parliament Monsoon Session : संसद के मॉनसून सत्र में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार ने पहल तेज कर दी है. संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग मांगा. हालांकि, कांग्रेस सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने साफ कहा कि गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बिना सदन की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकती.

सूत्रों के मुताबिक, किरेन रिजिजू और राहुल गांधी के बीच करीब 50 मिनट तक बातचीत हुई. इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं. बैठक में संसद में जारी गतिरोध खत्म करने के साथ-साथ परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर भी चर्चा हुई.

कांग्रेस ने रखी अपनी शर्त

कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि बैठक में रिजिजू ने परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर सहयोग मांगा. इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि चंदा चोरी और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बिना सदन नहीं चल सकता. बैठक के बाद रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात की और फिर गृह मंत्री अमित शाह को पूरी जानकारी दी.

सत्र के बचे हैं केवल छह दिन

वहीं, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि रिजिजू प्रधानमंत्री का एजेंडा लेकर आए थे, जबकि कांग्रेस चंदा चोरी के मुद्दे पर चर्चा चाहती है. पेपर लीक से जुड़े सख्त कानून के पारित होने के बाद विपक्ष इन्हीं मुद्दों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहा है. मॉनसून सत्र में अब केवल छह दिन शेष हैं और बैठक के बावजूद गतिरोध खत्म होता नहीं दिख रहा.

सरकार के सामने दो विकल्प

मौजूदा स्थिति में सरकार के सामने दो विकल्प बताए जा रहे हैं. पहला, विपक्ष के साथ सहमति बनाकर सत्र के अंतिम सप्ताह में परिसीमन विधेयक पेश किया जाए. दूसरा, 15 अगस्त के बाद मॉनसून सत्र को आगे बढ़ाया जाए. सूत्रों के अनुसार, सरकार परिसीमन विधेयक में लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का लिखित प्रावधान जोड़ सकती है. वहीं, मॉनसून सत्र के अंतिम सप्ताह में एफसीआरए विधेयक पर भी सभी की नजरें रहेंगी.

ये भी पढ़ें- E-20 पेट्रोल पर केजरीवाल का हल्लाबोल, 100 समर्थकों के साथ PM आवास की ओर बढ़े, पुलिस ने रोका

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button