Weather News : देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। बिहार और पश्चिम बंगाल में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में बिहार के अलग-अलग जिलों के 7 और पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के 4 लोग शामिल हैं।
उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर गिरने के बाद सड़क बंद हो गई, जिससे करीब 200 यात्री फंस गए हैं। यात्री सोमवार रात से मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
स्थिति को देखते हुए स्कूलों में अवकाश
हरियाणा के अंबाला और झज्जर में रातभर हुई बारिश से हालात बिगड़ गए। कई इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें पानी में डूब गईं और दुकानों तक पानी पहुंच गया। उत्तर प्रदेश के आगरा में देर रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। कई क्षेत्रों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। स्थिति को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं बाराबंकी में तेज बारिश के चलते बस स्टेशन परिसर में भी जलभराव हो गया।
ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। इसके बाद SDRF की तैनाती बढ़ा दी गई है। कई घाट जलमग्न हो गए हैं और प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने की अपील की है।
खेत में काम कर रहे व्यक्ति की जान गई
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हुई है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो लोग घायल भी हुए हैं। जगतबल्लवपुर इलाके में खेतों में काम कर रहे दो किसानों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। आमता क्षेत्र में तालाब के पास गए एक किसान की भी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं बगनान इलाके में खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की जान चली गई।
मौसम का असर कम होने की आशंका
राजस्थान में मौसम का असर अब धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश दर्ज
सोमवार को राजस्थान के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिसमें जयपुर, श्रीगंगानगर, धौलपुर, जोधपुर, जालोर, करौली और अजमेर शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ ही जिलों में अब तक सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
ये भी पढ़ें- बृजभूषण शरण सिंह यौन शोषण मामले में बरी, कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे पहलवान
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









