Delhi NCR

बांकीपुर में हार के बाद दिल्ली में पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार, सियासी चर्चाएं तेज

PM Modi Nitish Kumar Meeting : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की हार के बाद बिहार की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं. मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकात हुई. इस दौरान जेडीयू के नेता संजय झा भी मौजूद रहे. मुलाकात की खबर सामने आते ही बिहार से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक गलियारों में इसके मायने तलाशे जाने लगे हैं.

राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों से जोड़कर देख रहे हैं. माना जा रहा है कि बीजेपी के मजबूत गढ़ में मिली हार को लेकर पार्टी स्तर पर मंथन चल रहा है. बांकीपुर सीट से लंबे समय से बीजेपी का दबदबा रहा है, लेकिन इस बार जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर (PK) की जीत ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं.

बीजेपी के गढ़ में PK की बड़ी जीत

बांकीपुर विधानसभा सीट पर कुल 25 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें आठ निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल थे. प्रशांत किशोर ने अपने पहले चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 वोटों के अंतर से हराया, उन्हें कुल 64,151 वोट मिले.

बीजेपी ने अंतिम समय में नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया था. इससे पहले पार्टी के घोषित प्रत्याशी अभिषेक ‘बंटी’ ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था.

नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद विधानसभा से इस्तीफा देने के कारण खाली हुई थी. लंबे समय से बीजेपी का मजबूत किला मानी जाने वाली इस सीट पर हार पार्टी के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है.

इस उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें भी हार का सामना करना पड़ा. रेखा गुप्ता को 14,273 वोट मिले. इससे पहले 2025 के विधानसभा चुनाव में भी वह नितिन नवीन से 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से हार चुकी थीं.

कम मतदान ने भी बदला समीकरण

करीब 3.8 लाख मतदाताओं वाली बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था. इस बार मतदान प्रतिशत 34.30 फीसदी रहा, जबकि 2025 के विधानसभा चुनाव में यहां 41.45 फीसदी मतदान हुआ था.

अब पीएम मोदी और नीतीश कुमार की मुलाकात के बाद बिहार की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि दोनों नेताओं की मुलाकात का आधिकारिक एजेंडा सामने नहीं आया है, लेकिन बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों के बाद इस बैठक को राजनीतिक नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है.

ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button