UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है, उन्होंने अपने समधी और भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ से दिल्ली, केरल, गुजरात और कर्नाटक का प्रभार वापस ले लिया है. इससे पहले भी मायावती अनुशासनहीनता के आरोप में अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर कर चुकी थीं. बाद में उन्हें आकाश आनंद के साथ दोबारा पार्टी में शामिल कर लिया गया था.
बसपा प्रमुख के इस फैसले को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. अशोक सिद्धार्थ अब दिल्ली, केरल, गुजरात और कर्नाटक राज्यों के प्रभारी नहीं रहेंगे. हालांकि पार्टी की ओर से इस बदलाव की विस्तृत वजह सार्वजनिक नहीं की गई है.
आकाश आनंद की भूमिका पर मायावती ने दी सफाई
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्पष्ट किया कि पार्टी के सभी बड़े फैसले वही लेती हैं, उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय बैठकों से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव के उम्मीदवारों का चयन भी उनके द्वारा ही किया जाता है, उन्होंने कहा कि आकाश आनंद का कद बढ़ाने या घटाने जैसी बातें पूरी तरह भ्रम हैं और उम्मीदवार तय करने में उनकी कोई भूमिका नहीं है.
उम्मीदवारों के चयन पर कही यह बात
बसपा प्रमुख ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, उन्होंने कहा कि अब तक दो दर्जन से अधिक संभावित उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेकर उनके नाम अंतिम किए जा चुके हैं और आगे भी उम्मीदवारों का अंतिम फैसला वही करेंगी.
मायावती ने कहा कि जिन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाओं के जरिए उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं. कुछ स्थानों पर आकाश आनंद भी पार्टी की जनसभाओं में उम्मीदवारों का ऐलान करेंगे, लेकिन यह सब पार्टी की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है.
उन्होंने यह भी कहा कि हाल में जिन राज्यों में चुनाव हुए, वहां भी आकाश आनंद को जनसभाओं और संगठनात्मक बैठकों के लिए उन्होंने ही भेजा था. मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से सावधान रहने की अपील की.
ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप






