Rajasthan News : राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ इलाके में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां मिट्टी से भरे डंपर में एक आईसर ट्रक पीछे से जा घुसा। हादसे में ट्रक में सवार भाई-बहन और चालक की मौत हो गई।
घटना रात करीब 1 बजे बुर्जा गांव के पास एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 86/100 पर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलने के बाद NHAI की एम्बुलेंस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और तीनों को बड़ौदामेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अलवर के रैणी क्षेत्र के टीगरिया निवासी और हाल में जयपुर के सांगानेर में रहने वाली 18 वर्षीय सलोनी सिंह, उसके 20 वर्षीय भाई आंसू सिंह और उत्तर प्रदेश के नगला साकित निवासी 31 वर्षीय ट्रक चालक विकास कुमार के रूप में हुई है।
होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रही थी सलोनी
बताया जा रहा है कि सलोनी फरीदाबाद में होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रही थी। उसके परिवार के पास कई ट्रक हैं। पढ़ाई के लिए फरीदाबाद जाने के दौरान वह परिवार के ही एक ट्रक से रवाना हुई थी। उसे छोड़ने के लिए उसका भाई आंसू भी साथ गया था। ट्रक को चालक विकास कुमार चला रहा था। इसी दौरान बुर्जा गांव के पास ट्रक अनियंत्रित होकर मिट्टी से भरे डंपर में जा घुसा और यह हादसा हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच तेज की
सीकरी थाना के एएसआई हंसराम ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद बड़ौदामेव सीएचसी में तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









