राष्ट्रीय

PM मोदी के AI वीडियो पर बड़ा एक्शन, Meta इंडिया हेड समेत कई लोगों पर केस दर्ज

Meta India Case : भारत सरकार और मेटा के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथित AI से एडिट किए गए वीडियो को लेकर हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने Meta इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास और कई सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इसके साथ ही मेटा को दोबारा नोटिस भी भेजा गया है.

पुलिस के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वीडियो को AI और वीडियो एडिटिंग तकनीक की मदद से मॉर्फ कर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. यह वीडियो पहले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान साझा किया गया था, जिसे बाद में कथित तौर पर बदलकर गलत जानकारी के साथ प्रसारित किया गया.

Facebook और Instagram से जुड़ा मामला

जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला Meta के स्वामित्व वाले प्लेटफॉर्म Facebook और Instagram पर पोस्ट किए गए मॉर्फ्ड वीडियो से जुड़ा है. वहीं, पुलिस का कहना है कि ऐसे वीडियो लोगों को गुमराह कर सकते हैं और भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के प्रावधानों का उल्लंघन कर सकते हैं.

जांच में क्या-क्या देखा जा रहा है?

हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन वीडियो को किसने तैयार किया, इन्हें सोशल मीडिया पर किस तरह फैलाया गया और क्या प्लेटफॉर्म पर मौजूद सुरक्षा उपाय इन्हें रोकने के लिए पर्याप्त थे. साथ ही वीडियो बनाने और शेयर करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

कुछ दिन पहले भी हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने मेटा के प्रतिनिधियों को तलब किया था और AI आधारित स्कैम, फर्जी विज्ञापनों और मॉर्फ्ड कंटेंट को हटाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, Meta ने अपनी कंटेंट मॉडरेशन नीति और नियमों की जानकारी जांच अधिकारियों को उपलब्ध कराई है.

क्या होता है मॉर्फ्ड वीडियो?

आपको बता दें कि मॉर्फ्ड वीडियो ऐसे वीडियो होते हैं, जिनमें किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज या हाव-भाव को AI या वीडियो एडिटिंग तकनीक की मदद से बदल दिया जाता है. इन्हें इस तरह तैयार किया जाता है कि देखने वालों को लगे कि संबंधित व्यक्ति ने वास्तव में वही बात कही या की है, जबकि ऐसा नहीं होता.

ये भी पढ़ें- अजिंक्य रहाणे ने लिया संन्यास, लेकिन कप्तानी का ये रिकॉर्ड आज तक कोई नहीं तोड़ पाया

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button