राष्ट्रीय

धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत पर कांग्रेस का तंज, बोली- ‘कहीं बीजेपी भारत रत्न न दे दे’

Dharmendra Pradhan : संसद के मकरद्वार पर पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस ने कहा कि पेपर लीक और छात्रों पर हुई कार्रवाई के बाद भी सरकार का रवैया नहीं बदला है. कांग्रेस पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि जिस तरह बीजेपी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत कर रही है, कहीं आगे चलकर उनके ‘त्याग’ के लिए भारत रत्न की सिफारिश न कर दे.

कांग्रेस प्रवक्ता अजय उपाध्याय ने कहा कि संसद परिसर में जिस तरह धर्मेंद्र प्रधान का स्वागत किया गया, वह कई सवाल खड़े करता है, उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामले और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के बाद सरकार को आत्ममंथन करना चाहिए था, लेकिन इसके बजाय इस्तीफे का जश्न मनाया जा रहा है.

भारत रत्न की सिफारिश न कर दे बीजेपी

अजय उपाध्याय ने तंज कसते हुए कहा, “जिस तरीके से बीजेपी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का जश्न मना रही है, उससे लगता है कि आने वाले समय में कहीं उन्हें भारत रत्न देने की सिफारिश न कर दे. पेपर लीक मामले में इस्तीफा देने को उनकी तपस्या और त्याग बताया जा रहा है.”

कांग्रेस ने कहा कि छात्रों के हितों पर चर्चा होनी चाहिए और यह तय होना चाहिए कि छात्रों पर हुए कथित घातक हमलों के लिए जिम्मेदार कौन है. पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठियां बरसाई गईं और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है.

बिहार में छात्रों की गिरफ्तारी पर भी सवाल

कांग्रेस ने बिहार में छात्र प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी को लेकर भी सरकार को घेरा. पार्टी का कहना है कि एक ओर सरकार कहती है कि छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी, वहीं दूसरी ओर बिहार में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया जा रहा है. कांग्रेस ने इसे सरकार का दोहरा रवैया बताया है.

कांग्रेस ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में सरकार वहां एक स्थायी डायरेक्टर जनरल तक नियुक्त नहीं कर सकी है. पार्टी ने आरोप लगाया कि बर्खास्त किए गए 47 अधिकारियों में एक भी स्थायी अधिकारी नहीं था और सरकार ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं.

कांग्रेस ने कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर छात्रों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली में सुधार पर ध्यान देना चाहिए. पार्टी ने सरकार से देश के युवाओं से माफी मांगने और छात्र हित में ठोस कदम उठाने की मांग की है.

ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button