राष्ट्रीय

छात्र प्रदर्शन पर राहुल गांधी ने अमित शाह को लिखा पत्र, पैलेट गन के इस्तेमाल पर उठाए सवाल

Rahul Gandhi Letter to Amit Shah : दिल्ली में 20 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और बल प्रयोग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर सुरक्षा बलों ने अंधाधुंध बल प्रयोग किया और पूरे मामले में जवाबदेही तय की जानी चाहिए.

25 जुलाई 2026 को लिखे गए पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि छात्र निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर कथित तौर पर घातक हथियारों और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई में सैकड़ों छात्र घायल हुए और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया.

पैलेट गन के इस्तेमाल पर उठाए सवाल

राहुल गांधी ने अपने पत्र में पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल उठाए है, उन्होंने लिखा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो गंभीर चोटों की ओर इशारा करते हैं.

उन्होंने 19 वर्षीय छात्र साहिल लोछाब का जिक्र करते हुए कहा कि वह गंभीर रूप से घायल है और उसकी एक आंख की रोशनी जाने का खतरा बताया जा रहा है. इसके अलावा, उन्होंने एक घायल पत्रकार का भी उल्लेख किया है.

अमित शाह से पूछे दो सीधे सवाल

राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दो महत्वपूर्ण सवाल पूछे हैं. पहला, क्या छात्रों के खिलाफ पैलेट गन समेत घातक बल प्रयोग की मंजूरी उन्होंने दी थी? यदि नहीं, तो इसकी अनुमति किसने दी? दूसरा, प्रदर्शन के दौरान सादे कपड़ों में छात्रों को लाठियों से पीटते दिख रहे लोग पुलिसकर्मी थे या वॉलंटियर्स? साथ ही, उनकी तैनाती किसके आदेश पर की गई थी?

लोकतांत्रिक मूल्यों का किया जिक्र

पत्र के अंत में राहुल गांधी ने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध का सम्मान किया जाना चाहिए, उन्होंने लिखा कि सरकार की जिम्मेदारी प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी शिकायतों का समाधान बातचीत के माध्यम से करना है, उन्होंने कहा कि इस तरह की हिंसा लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे पूरे देश में आक्रोश पैदा हुआ है. राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवा जवाबदेही और न्याय की मांग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button