Dharmendra Pradhan Resignation Reaction : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद राजनीतिक हलकों के साथ-साथ मनोरंजन जगत में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है. इस्तीफे की घोषणा के कुछ ही समय बाद कई जाने-माने स्टैंड-अप कॉमेडियन और डिजिटल क्रिएटर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं. इनमें से अधिकांश ने इस घटनाक्रम का श्रेय छात्रों और युवा प्रदर्शनकारियों को दिया, जो परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे.
वीर दास, अभिषेक उपमन्यु, मुनव्वर फारूकी, अनुभव सिंह बस्सी, गुरलीन पन्नू, शैरन वर्मा, हर्ष गुजराल और समय रैना समेत कई कलाकारों ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर अपनी खुशी जाहिर की. कई पोस्ट्स में छात्रों के संघर्ष और आंदोलन की सराहना की गई.

अभिषेक उपमन्यु ने जताई खुशी
सबसे चर्चित प्रतिक्रियाओं में से एक कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु की रही, उन्होंने सबसे पहले धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर वाले ग्राफिक को कई फायर इमोजी के साथ साझा किया. इसके कुछ ही मिनटों बाद उन्होंने एक वीडियो स्टोरी पोस्ट की, जिसमें वह काफी उत्साहित नजर आए, उन्होंने कहा, “धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से मुझे पहली बार जिंदगी में पता लग रहा है कि आप जिंदगी में बिना नशे के हाई फील कर सकते हैं. मुझे सच में कुछ हो रहा है. कुछ नशा सा हो गया है… ये क्या हो गया.”
मुनव्वर फारूकी ने लिखा- इस पीढ़ी को सलाम
मुनव्वर फारूकी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में युवा प्रदर्शनकारियों की सराहना करते हुए लिखा, “इस पीढ़ी को सलाम.” इसके साथ उन्होंने बाइसेप्स वाला इमोजी भी साझा किया.
कॉमिक क्रिएटर शैरन वर्मा ने एक सेल्फी के साथ लंबा नोट साझा किया, उन्होंने लिखा कि किसी नतीजे के बारे में गलत साबित होने पर उन्हें कभी इतनी खुशी नहीं हुई, उन्होंने कहा कि लगातार होने वाले अन्याय के कारण लोग कई बार उम्मीद छोड़ देते हैं, लेकिन यह घटनाक्रम एक बड़ी और अविश्वसनीय जीत के रूप में सामने आया है, उन्होंने छात्रों और आंदोलन से जुड़े युवाओं को बधाई दी.
हर्ष गुजराल ने भी किया पोस्ट
हर्ष गुजराल ने वीर दास की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा, “अब हम ‘फ्रेंड्स’ हैं.” इसके साथ उन्होंने दिल और भारतीय तिरंगे का इमोजी भी साझा किया. इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट में सिर्फ “इंडिया” लिखा.
NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर कई हफ्तों से विरोध प्रदर्शन जारी थे. शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे में कहा कि उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए यह फैसला लिया है, ताकि छात्र अपनी पढ़ाई पर लौट सकें और देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों से और अनिश्चितता पैदा न हो.
युवाओं के नेतृत्व में चला आंदोलन
दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रित और युवाओं के नेतृत्व वाले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सहित कई संगठनों और जानी-मानी हस्तियों के समर्थन से चल रहे इन प्रदर्शनों में परीक्षा सुधार, जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही थी. आंदोलन के नेताओं का कहना है कि इस्तीफा एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन उनकी बाकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









