Delhi NCR

दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर, आज बंद रहेंगे 17 मेट्रो स्टेशन, जानें किन रूटों पर पड़ेगा असर

Delhi Metro Stations Closed : दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन शुक्रवार (24 जुलाई 2026) को भी सुरक्षा कारणों से बंद रहेंगे. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि सुबह 7:30 बजे से इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री बंद रहेगी. बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं. हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों को लाइन बदलने की सुविधा मिलती रहेगी.

जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के तहत इन मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला लिया गया है. इससे पहले 23 जुलाई को भी सेंट्रल दिल्ली के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशन बंद रहे थे, जिसके चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई थी. यात्रियों को जाम का सामना करना पड़ा और कई लोगों को लंबे रास्तों से होकर जाना पड़ा. इसके कारण कैब और ऑटो के किराए में भी बढ़ोतरी की शिकायतें सामने आई थीं.

17 मेट्रो स्टेशन बंद रहने से यातायात प्रभावित

23 जुलाई को राजीव चौक, पटेल चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट और सुप्रीम कोर्ट समेत 17 मेट्रो स्टेशन बंद रहे थे. मेट्रो सेवा प्रभावित होने के बाद बसों में भीड़ बढ़ गई थी और ऑटो-कैब चालकों द्वारा ज्यादा किराया लेने की शिकायतें मिली थीं. शाम के समय कार्यालयों की छुट्टी के दौरान ट्रैफिक की स्थिति और खराब हो गई थी.

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने गुरुवार (23 जुलाई 2026) को रात 12 बजे तक जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का आदेश जारी किया था. मंत्रालय ने कहा था कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अपराध के लिए उकसावे को रोकने के उद्देश्य से यह कदम जरूरी है.

देशव्यापी आंदोलन का आह्वान

इससे पहले पीएमओ में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा था कि सरकार ने पिछले 24 घंटों में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के साथ बातचीत के लिए चार औपचारिक प्रस्ताव भेजे थे, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई और बातचीत नहीं हुई. नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सीजेपी ने 24 जून को देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है.

वहीं, दिल्ली के कनॉट प्लेस में हालात को देखते हुए 22 जुलाई को सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्तरां को शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए गए थे. नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) के अध्यक्ष अतुल भार्गव की ओर से जारी एडवाइजरी में बताया गया था कि यह फैसला नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के टेलीफोन पर दिए गए निर्देशों के बाद लिया गया.

ये भी पढ़ें – 1109 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, गुप्ता पावर के ठिकानों पर चार राज्यों में छापेमारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button