Bihar

पटना में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, प्रदर्शन के दौरान चले लाठी-डंडे और पत्थर, कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा

Patna News : पटना में बुधवार को बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हो गया। दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के दौरान लाठी-डंडे चलने और पत्थरबाजी की बात सामने आई है। घटना के समय पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन शुरुआती दौर में वह स्थिति को नियंत्रित करने में असफल नजर आई। बाद में मामला बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात संभालने की कोशिश की।

प्रदर्शन के दौरान की गई मारपीट

जानकारी के मुताबिक, बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे थे। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही पत्थर और डंडे लेकर तैयार थे और प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की गई। वहीं, दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया।

बीजेपी ने कांग्रेस पर साधा निशाना

बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन का मकसद गलत था और इससे प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को खतरा पैदा हो सकता था। बीजेपी नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर इस तरह के प्रदर्शन की परंपरा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।

पीएम नरेंद्र मोदी का जलाया पुतला

वहीं, बिहार के औरंगाबाद में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर के रमेश चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया।

कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ लगाए नारे

इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।

दोनों दलों में आरोप-प्रत्यारोप तेज

पटना की घटना के बाद दोनों राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो व अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

ये भी पढ़ें- नंगे पांव आश्रम पहुंचे विराट-अनुष्का, वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के किए दर्शन

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button