राष्ट्रीय

मॉनसून सत्र से पहले राहुल गांधी और अखिलेश यादव की बंद कमरे में बैठक, जानिए क्या हुई चर्चा

Political News : संसद के मानसून सत्र 2026 की शुरुआत के साथ ही NEET और अन्य पेपर लीक मामलों, परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष आक्रामक नजर आ रहा है. इसी बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की बंद कमरे में बैठक ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है.

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी और अखिलेश यादव की यह बैठक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के कक्ष में हो रही है. दोनों नेताओं के बीच सरकार को घेरने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जा रही है. बैठक में संसद के भीतर किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए, इस पर मंथन चल रहा है.

इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में NEET पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में सुधार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले समेत कई मुद्दों पर चर्चा हो रही है. विपक्ष की कोशिश है कि इन विषयों को संसद में मजबूती से उठाकर सरकार से जवाब मांगा जाए.

मानसून सत्र के पहले दिन ही विपक्ष के तेवर सख्त

बता दें कि मानसून सत्र के पहले दिन ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया. हंगामे के चलते संसद की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी. इससे साफ है कि विपक्ष आगामी दिनों में भी सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है.

राहुल गांधी और अखिलेश यादव की बैठक को INDIA गठबंधन की साझा रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है. विपक्षी दल चाहते हैं कि गठबंधन के सभी सहयोगी संसद के भीतर एकजुट होकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करें और प्रमुख मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाएं. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि संसद के भीतर विपक्ष किस तरह की रणनीति अपनाता है और सरकार इन सवालों का क्या जवाब देती है.

ये भी पढ़ें- अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 से ज्यादा घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button