Abhijeet Deepke : दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने स्याही फेंक दी. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला अचानक दीपके के पास पहुंचकर उन पर स्याही फेंकती दिखाई दे रही है. आरोप है कि महिला ने उन्हें थप्पड़ मारने की भी कोशिश की.
यह घटना उस समय हुई, जब अभिजीत दीपके प्रदर्शन स्थल पर मौजूद समर्थकों और लोगों से बातचीत कर रहे थे. मौके पर मौजूद वॉलंटियर्स ने तुरंत महिला को पकड़ लिया, जिसके बाद स्थिति को संभाला गया.
एक्स पर पोस्ट कर दी जानकारी
शनिवार सुबह से ही जंतर-मंतर पर हलचल बनी हुई थी. सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया. इसके कुछ ही देर बाद अभिजीत दीपके ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान कर दिया.
दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह तत्काल प्रभाव से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ रहे हैं. उनका यह फैसला सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद सामने आया.
दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें हिरासत में लिया था. हालांकि, दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोनम वांगचुक को मेडिकल सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में 28 जून से चल रहा यह आंदोलन नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े विवादों के विरोध में किया जा रहा है. सोनम वांगचुक इसी आंदोलन के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे.
ये भी पढ़ें- गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध गिरफ्तार, जांच में कई खुलासे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









