Sonam Wangchuk : नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद् सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने हटाकर राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेशों और उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए की गई है.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम दिल्ली पुलिस मुख्यालय में नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने नई दिल्ली रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोनम वांगचुक मामले पर बैठक की थी. बैठक के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाया. मौके पर नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा और जॉइंट सीपी दीपक पुरोहित मौजूद रहे.
20 जुलाई के प्रदर्शन को लेकर बढ़ी थी चिंता
प्रदर्शनकारियों ने 20 जुलाई को बड़े प्रदर्शन और संसद मार्च का ऐलान किया था. इसी दौरान संसद का मानसून सत्र भी प्रस्तावित है. माना जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया.
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि अभिजीत दिपके वॉशरूम गए हुए थे, तभी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई. आरोप यह भी लगाया गया है कि पुलिस की टीम डॉक्टरों के कपड़े पहनकर उन्हें लेने पहुंची थी. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है.
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि हाई कोर्ट के आदेशों और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक, हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते समय कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया, जिससे थोड़ी अफरा-तफरी मची, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक स्थल खाली करने की अपील भी की
डिंपल यादव की पहली प्रतिक्रिया
दिल्ली पुलिस द्वारा सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने पर समाजवादी पार्टी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है.
डिंपल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सोनम वांगचुक जी को जबरन हटाना सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान को कुचलना है. बीजेपी सरकार को अब शांतिपूर्ण विरोध भी बर्दाश्त नहीं है. यह तानाशाही है.”
सोनम वांगचुक को लेकर AAP का हमला
दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराया है. इस पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि 21 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की मांगें सुनने के बजाय उन्हें जबरन अस्पताल भेज दिया गया, जो सत्ता के अहंकार को दर्शाता है.
ये भी पढ़ें- गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध गिरफ्तार, जांच में कई खुलासे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









