Gujarat

गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध गिरफ्तार, जांच में कई खुलासे

Gujarat ATS : गुजरात एटीएस (ATS) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी महीने एटीएस ने जैश से कथित रूप से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच के दौरान मिले इनपुट के आधार पर अब पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।

जांच एजेंसी के मुताबिक, इस मामले में शामिल अन्य लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। गुजरात और राजस्थान की स्थानीय पुलिस की मदद से संदिग्धों को एटीएस कार्यालय लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।

एटीएस का दावा है कि जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने स्थानीय स्तर पर बम बनाने और विस्फोटक तैयार करने की कोशिशें की थीं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर कई बार बम बनाने की तकनीक और विस्फोटक उपकरणों के इस्तेमाल का अभ्यास किया था।

गिरफ्तार किए गए पांच संदिग्धों की पहचान

  • बिलाल आबिदभाई शेरा (24 वर्ष)
    पाटन जिले के शेरावास क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। जांच के दौरान उसका नाम मामले में सामने आया।
  • मोहम्मद अयूब कड़ीवाला (22 वर्ष)
    पाटन जिले के खडियासन इलाके का निवासी है।
  • मोहम्मद अयूबभाई सुणसरा उर्फ मोहम्मद खली (20 वर्ष)
    बताया गया है कि वह छात्र है और भरूच स्थित एक मदरसे में पढ़ाई कर रहा था।
  • शफीअ रईस मुखी उर्फ शफी छापी (21 वर्ष)
    बनासकांठा जिले का रहने वाला बताया गया है।
  • मोहम्मद हसन हनीफभाई करड़िया उर्फ हसन हैदरपुरी (20 वर्ष)
    पाटन जिले के हैदरपुरा क्षेत्र का निवासी बताया गया है।

जांच में सामने आईं ये बातें

एटीएस के अनुसार, पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान इन पांच लोगों के बारे में जानकारी मिली थी। जांच में दावा किया गया कि कुछ आरोपी साल 2023 से कथित तौर पर आईईडी और विस्फोटक तैयार करने की तकनीक का अध्ययन कर रहे थे।

विस्फोटक बनाने की प्रक्रिया

एजेंसी के मुताबिक, आरोपियों ने कथित रूप से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और स्थानीय बाजारों से कुछ सामग्री खरीदी थी और उससे विस्फोटक बनाने की प्रक्रिया सीखने की कोशिश की थी। जांच के दौरान आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री बरामद होने की भी बात कही गई है।

जांच एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि कुछ आरोपियों के पास आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ी सामग्री, वीडियो और साहित्य मिले हैं। आरोपियों पर कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने और अन्य लोगों को प्रभावित करने के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

बरामद सामान

एटीएस के अनुसार, जांच के दौरान कुछ सामग्री बरामद की गई है, जिसमें:

जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा झंडा
कथित आतंकी साहित्य की प्रतियां
कुछ दस्तावेजों की प्रतियां
करीब 1.30 लाख रुपये नकद शामिल हैं।

फिलहाल गुजरात एटीएस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं और इनकी गतिविधियों का दायरा कितना बड़ा था।

ये भी पढ़ें- हरियाणा से हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत, जींद-सोनीपत रुट पर दौड़ेगी Train, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी, दुनिया का 5वां देश बना भारत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button