Mumbai Crime : मुंबई के पायधुनी इलाके में 7 वर्षीय बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक गोदाम में वॉचमैन के तौर पर काम करने वाले व्यक्ति ने बच्ची के साथ शौचालय के भीतर वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, वारदात के बाद बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोग पायधुनी पुलिस थाने के बाहर एकत्र हुए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए मुख्य सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.
इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
इसी बीच, हालात का जायजा लेने पहुंचे महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के सामने भी प्रदर्शनकारियों ने न्याय की मांग उठाई. मौके पर मौजूद पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
मुंबई पुलिस के साउथ जोन-3 के डीसीपी विजयकांत मंगेश सागर ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी पायधुनी स्थित एक गोदाम में वॉचमैन के रूप में कार्यरत था. मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा. वहीं, पीड़ित बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें- ईरान में ट्रंप को लेकर भड़की भीड़, अंतिम संस्कार में खुलेआम दी गई जान से मारने की धमकी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







