विदेश

“मुझे मारने की कोशिश की तो ईरान को मिटा देंगे”, ट्रम्प की धमकी- 1000 मिसाइलें तैयार

US Iran Tensions : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान की ओर से उनकी हत्या की कोई कोशिश की गई तो अमेरिका ऐसी जवाबी कार्रवाई करेगा, जिसे दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा होगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दावा किया कि ईरान को निशाना बनाने के लिए 1000 की संख्या में मिसाइलें तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर सैन्य कार्रवाई को और तेज किया जा सकता है।

अमेरिकी सेना कार्रवाई के लिए तैयार

ट्रम्प ने चेतावनी दी कि किसी भी हमले की स्थिति में ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना संभावित कार्रवाई के लिए तैयार है और इससे जुड़े निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं।

इस बीच इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिका ने इजराइल में तैनात अपने कुछ F-22 स्टेल्थ फाइटर जेट्स को वापस बुलाना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, ये लड़ाकू विमान लंबे समय से क्षेत्र में तैनात थे और ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य रणनीति का हिस्सा माने जा रहे थे।

गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी

वहीं ईरान ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि अगर इजराइल की ओर से उसके महत्वपूर्ण ठिकानों पर दोबारा हमला किया गया तो वह इसका कड़ा जवाब देगा। ईरानी सुरक्षा अधिकारियों ने किसी भी हमले की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

व्यापारिक जहाजों की आवाजाही जारी

दूसरी ओर, अमेरिका ने ईरान के उस दावे को खारिज किया है जिसमें उसने होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण की बात कही थी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से व्यापारिक जहाजों की आवाजाही जारी है और बड़ी मात्रा में तेल की आपूर्ति भी हो रही है।

सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की निरंतरता

क्षेत्रीय तनाव को देखते हुए कतर ने अमेरिका और ईरान दोनों से संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। कतर ने होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया।

अमेरिका-इजराइल रुख का किया समर्थन

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में रूस ने आरोप लगाया कि कुछ यूरोपीय देशों ने अमेरिका और इजराइल के रुख का समर्थन किया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अगर तनाव और बढ़ा तो वैश्विक तेल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे ऊर्जा संकट गहरा सकता है।

ये भी पढ़ें- यूएस ईरान में फिर तनातनी, इज़राइल भी हमले को तैयार, मिडिल ईस्ट में छाए युद्ध के काले बादल, अमेरिका के ईरान पर कई हमले

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button