PM Modi Indonesia Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग अदिपुर्णा’ से सम्मानित किया. यह सम्मान उन हस्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने इंडोनेशिया की एकता, विकास और समृद्धि में उल्लेखनीय योगदान दिया हो.
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में संवाद और कूटनीति की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है. उन्होंने फिलिस्तीन मुद्दे पर दो-राष्ट्र समाधान और स्थायी शांति की वकालत भी की.
संवाद और कूटनीति की भूमिका पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच साझा संस्कृति, विश्वास और आपसी सहयोग दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाएंगे, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और विविधता में एकता दोनों देशों की साझा ताकत है. इस दौरान भारत और इंडोनेशिया के चुनाव आयोगों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए. साथ ही इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को लेकर दोनों देशों के दृष्टिकोण में भी तालमेल देखने को मिला.
पहली द्विपक्षीय इंडोनेशिया यात्रा
आपको बता दें कि यह प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा है. इससे पहले जनवरी 2025 में राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भारत आए थे और गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बने थे. इंडोनेशिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का इस्ताना मर्डेका (राष्ट्रपति भवन) में औपचारिक स्वागत किया गया.
भारत-इंडोनेशिया साझेदारी को मिलेगी मजबूत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाली है, उन्होंने कहा कि यह दौरा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’, ‘MAHASAGAR विजन’ और स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा. साथ ही इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक, रक्षा, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को भी नई गति मिलेगी.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









