Punjabराज्य

‘गैंगस्टरां ते वार’ का 165वाँ दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 829 स्थानों पर छापेमारी, 570 गिरफ्तार

Punjab News : राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 165वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्य भर में गैंगस्टरों के साथियों के पहचाने और मैप किए गए 829 स्थानों पर छापेमारी की.

उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरां ते वार’- पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए निर्णायक जंग है, जो 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव द्वारा शुरू की गई थी. एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें राज्य भर में विशेष अभियान चला रही हैं.

165वें दिन 570 गिरफ्तार

165वें दिन, पुलिस टीमों ने 15 हथियारों सहित 570 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे अभियान की शुरुआत के बाद कुल गिरफ्तारियाँ 43,697 हो गईं.

इसके अलावा 258 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई है. पुलिस टीमों ने कार्रवाई के दौरान 15 फरार अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया है. लोग, एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 के माध्यम से गुप्त रूप से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में रिपोर्ट कर सकते हैं और अपराध तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं.

नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी

इस दौरान पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपने अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ को 490वें दिन भी जारी रखते हुए 58 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 3.5 किलो हेरोइन, 2.3 किलो अफीम, 627 नशीली गोलियाँ और 36,900 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई. इसके साथ ही केवल 490 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 71,592 हो गई है. नशा मुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने 11 व्यक्तियों को नशा मुक्ति एवं पुनर्वास उपचार कराने के लिए राजी किया है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button