Biharराज्य

प्रेमिका से मिलने आए युवक ने भाई को मारी गोली, छत से गिरकर युवक की मौत, युवती का भाई घायल

Patna Crime News : बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके में रविवार शाम एक प्रेम प्रसंग ने देखते ही देखते खूनी मोड़ ले लिया. रोड नंबर-8 स्थित एक मकान में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक पिस्टल लेकर आया था. बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई, गोली चली और कुछ ही देर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि युवती का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया.

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रियेश रंजन के रूप में हुई है, जो मोतिहारी का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि युवती ने पिछले कुछ दिनों से उससे बातचीत बंद कर दी थी. इसी से नाराज होकर प्रियेश रविवार शाम उसके घर पहुंचा. उस समय युवती अपने भाई और बहन के साथ अनिकेत भवन की तीसरी मंजिल पर मौजूद थी.

हाथापाई के दौरान चली गोली

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर पहुंचने के बाद प्रियेश का युवती के भाई राजू कुमार से विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. प्रियेश के हाथ में पिस्टल थी और इसी दौरान गोली चल गई, जो सीधे राजू कुमार को जा लगी. घायल युवक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

छत से गिरने से हुई मौत

हाथापाई के दौरान प्रियेश रंजन तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था और बातचीत बंद होने के बाद यह विवाद हुआ.

घटना की सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सिटी एसपी सेंट्रल ममता कल्याणी ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली. मामले की जांच एफएसएल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से की जा रही है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button