राष्ट्रीय

केंद्र सरकार का UAPA के तहत बड़ा एक्शन, जैश-लश्कर से जुड़े 23 लोगों को आतंकी घोषित किया

Terrorists Declared : केंद्र सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ा और सख्त कदम उठाते हुए 23 लोगों को आधिकारिक तौर पर आतंकवादी घोषित कर दिया है. गृह मंत्रालय ने गजट नोटिफिकेशन जारी कर इन सभी नामों को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की चौथी अनुसूची में शामिल कर लिया है.

इनमें ज्यादातर नाम जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं. सरकार के अनुसार, ये सभी आतंकी पाकिस्तान या पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद हैं और भारत में कई बड़े आतंकी हमलों की साजिश या उसमें शामिल रहे हैं.

UAPA सूची में कई बड़े आतंकी नाम शामिल

इस लिस्ट में मसूद इलियास कश्मीरी, मोहम्मद मुसादिक, मुफ्ती मोहम्मद असगर खान और हाफिज अब्दुल शकूर जैसे नाम शामिल हैं, जिनका संबंध 2016 के नगरोटा सेना कैंप हमले और 2022 के जम्मू सुंजवां आतंकी हमले से जोड़ा गया है. इसके अलावा लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े अब्दुल रऊफ और हाफिज खालिद वलीद को हाफिज मोहम्मद सईद का करीबी सहयोगी बताया गया है.

चौंकाने वाला नाम फैसल उर्फ जाकिर

आपको बता दें कि सबसे चौंकाने वाला नाम मोहम्मद शहीद फैसल उर्फ उस्ताद उर्फ जाकिर का है, जिसका पता गजट में बेंगलुरु, कर्नाटक बताया गया है, जबकि वह फिलहाल पाकिस्तान के रावलपिंडी में मौजूद है. सरकार का दावा है कि वह अल-कायदा, ISIS और लश्कर-ए-तैयबा जैसे नेटवर्क से जुड़ा है और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की भर्ती, हथियार ट्रेनिंग और फंडिंग नेटवर्क चला रहा था.

गृह मंत्रालय के अनुसार, इन सभी को UAPA की धारा 35 के तहत चौथी अनुसूची में शामिल किया गया है, जिसके बाद इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जांच एजेंसियों की कार्रवाई और अधिक सख्त और आसान हो जाएगी. यह अधिसूचना गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव राकेश राठी द्वारा जारी की गई है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button