PTET Result 2026 : वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी (VMOU), कोटा की ओर से आयोजित राजस्थान प्री-टीचर एजुकेशन टेस्ट (PTET) 2026 का परिणाम 25 जून को जारी कर दिया गया है. परीक्षा में शामिल उम्मीदवार यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. परिणाम घोषित होने के बाद अब बीएड कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है.
बता दें कि राजस्थान PTET परीक्षा का आयोजन 14 जून को राज्य के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कराया गया था. यह परीक्षा दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है. इस साल परीक्षा के लिए 1 लाख 26 हजार 600 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि 1 लाख 7 हजार 575 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए.
ऐसे चेक करें PTET रिजल्ट
अभ्यर्थियों को सबसे पहले PTET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. इसके बाद रिजल्ट लिंक पर क्लिक कर दो वर्षीय बीएड कोर्स का विकल्प चुनना होगा. मांगी गई जानकारी और रोल नंबर दर्ज करने के बाद परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा. उम्मीदवार रिजल्ट डाउनलोड कर उसका प्रिंट भी सुरक्षित रख सकते हैं.
नई गाइडलाइन के बाद बदली प्रवेश प्रक्रिया
इस बार बीएड प्रवेश को लेकर प्रतिस्पर्धा में कमी आने की संभावना जताई जा रही है. पहले PTET के माध्यम से दो वर्षीय बीएड के अलावा चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीए-बीएड और बीएससी-बीएड पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश दिया जाता था. लेकिन एनसीटीई की नई गाइडलाइन के बाद चार वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया रोक दी गई है. अब PTET के जरिए केवल दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में ही दाखिला मिलेगा.
रिजल्ट के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें अभ्यर्थी कॉलेज का चयन कर सकेंगे. इस वर्ष राजस्थान के लगभग 935 बीएड कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया होगी. बीएड पाठ्यक्रम की करीब 1 लाख 7 हजार 40 सीटों पर विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा. नया शैक्षणिक सत्र जुलाई से शुरू होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- WhatsApp ग्लोबल हेड Kunal Shah की कहानी, डिलीवरी बॉय, मेहंदी कोन बेची, 14-15 साल की उम्र… पढ़ें सफलता की पूरी कहानी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









