Bihar News : जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपने आवास से नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी होने का आरोप लगाते हुए पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है, उन्होंने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
तेज प्रताप यादव ने अपनी शिकायत में कहा है कि 22 जून की रात करीब 11:30 बजे उनके ड्राइवर अनिल यादव और उनके साथ रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर आवास की बाउंड्री फांदकर जाते हुए देखा, उन्होंने दोनों को इस घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है और आरोप लगाया है कि चोरी की वारदात मोतीलाल राय ने ही अंजाम दी.
पार्टी फंड की राशि चोरी होने का दावा
शिकायत के अनुसार, मोतीलाल राय वैशाली जिले के मनियारपुर स्थित बिशनपुर सैद अली गांव का रहने वाला है. तेज प्रताप यादव का आरोप है कि उनके घर में रखी अलमारी से 20 लाख रुपये नकद, जिसे पार्टी फंड की राशि बताया गया है, चोरी कर ली गई. इसके अलावा 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनोवो लैपटॉप और चार iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन भी गायब हैं.
कार्रवाई की मांग तेज
तेज प्रताप यादव ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और चोरी किए गए सामान व नकदी की बरामदगी की मांग की है. शिकायत में आरोपी की गिरफ्तारी की भी मांग की गई है. बताया जा रहा है कि फिलहाल मोतीलाल राय फरार है.
2022 की चोरी का मामला फिर चर्चा में
आपको बता दें कि तेज प्रताप यादव के आवास पर इससे पहले भी चोरी की घटना सामने आ चुकी है. वर्ष 2022 में उन्होंने अपने घर की देखरेख करने वाले चंदन नामक व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाया था. उस समय दर्ज शिकायत में कहा गया था कि 27 मई 2022 को वह घर में रखा नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गया था. उस मामले में आईफोन समेत तीन बैग चोरी होने का आरोप लगाया गया था.
ये भी पढ़ें – बुजुर्गों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की बड़ी पहल, 1.11 लाख से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









