Delhi NCR weather : दिल्ली-NCR में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को पिछले कुछ दिनों से बारिश, तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही के चलते काफी राहत मिली है. इसके कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है, ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के आसपास न जाने की सलाह दी गई है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार (12 जून) के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया था. विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में लगभग 7 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है, जिससे गर्मी से राहत महसूस की जा रही है. पूर्वानुमान में 12 जून को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई थी.
सुबह से मौसम ठंडा बना हुआ है
आज सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है. सुबह 6 बजे तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. आसमान ज्यादातर साफ रहा, हालांकि हल्की धूप भी देखने को मिली. क्षेत्र में करीब 78 प्रतिशत तक नमी बनी रहने और लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
सात दिन तक मौसम में नरमी बनी रह सकती
सात दिनों के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार (13 जून) को भी मौसम में नरमी बनी रह सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दिनभर बादल गरजने के साथ बारिश की स्थिति बन सकती है, हालांकि किसी प्रकार की विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
14 जून को तापमान में हल्की बढ़ोतरी का अनुमान है, जब अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. इस दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर गरज-चमक के हालात बनने की संभावना है, लेकिन कोई अलर्ट नहीं है.
15 जून को मौसम साफ रहने की उम्मीद
इसके बाद 15 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. इस दिन मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है, जिससे तापमान में हल्की वृद्धि देखी जा सकती है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण उत्तर भारत के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है. फिलहाल बदलते मौसम के चलते एनसीआर के लोगों को गर्मी और लू से राहत मिलती रहेगी और अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें- सोने में निवेश को लेकर बदला नजरिया, विशेषज्ञ बोले- नई खरीदारी से बचें निवेशक
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







