Cockroach Janta Party Protest : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जंतर-मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू किया. इस प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी दिल्ली के प्रमुख इलाकों में दिल्ली पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा पेपर लीक मामलों को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग बताया जा रहा है.
इन सब के बीच महाराष्ट्र के शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने इस आंदोलन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सकारात्मक है कि युवा किसी मुद्दे पर संगठित होकर आवाज उठा रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को गंभीरता से लिया जाना चाहिए.
आंदोलन को सीमित दिखाने का दबा
संजय राउत ने यह भी कहा कि मीडिया पर इस प्रदर्शन को सीमित रूप में दिखाने का दबाव बनाया जा रहा है, उनके अनुसार, अगर जंतर-मंतर का यह आंदोलन व्यापक रूप लेता है तो सरकार को इसकी गंभीरता को समझना होगा, संजय राउत ने दावा किया कि सरकार नहीं चाहती कि यह मुद्दा देशभर के युवाओं तक पहुंचे, इसलिए प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था का सहारा लिया जा रहा है.
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर भी उठाए सवाल
उन्होंने आगे कहा कि यदि हजारों युवा सड़कों पर उतरकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोई कदम नहीं उठाते, तो इसे सुशासन के अनुरूप नहीं माना जा सकता, संजय राउत ने इस मामले में गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका पर भी सवाल उठाया और युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन में शामिल होने की अपील की.
40 कंपनियां अर्धसैनिक बल तैनात
वहीं, जंतर-मंतर पर हो रहे इस प्रदर्शन के चलते दिल्ली के कई संवेदनशील स्थानों जैसे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, प्रमुख रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डे और दिल्ली से जुड़े सीमा प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 40 कंपनियों अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे सुरक्षा प्रबंधन की निगरानी के लिए फील्ड ड्यूटी पर लगाया गया है, ताकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके.
ये भी पढ़ें- लोनधारकों के लिए बड़ी खबर, RBI ने Repo Rate में नहीं किया कोई बदलाव, महंगाई बढ़ने की जताई आशंका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









