Punjab

पंजाब विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, 1,30,000 रुपए रिश्वत लेते ASI रंगे हाथों गिरफ्तार

Punjab Vigilance : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जिला फिरोजपुर के सीआईए स्टाफ में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) गुरजीत सिंह उर्फ गोल्डी को 1,30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव नौरंग के लेली, जिला फिरोजपुर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

पशुओं की खरीद-फरोख्त का कारोबार

प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता पशुओं की खरीद-फरोख्त का कारोबार करता है और उसके एक रिश्तेदार के खिलाफ सीआईए द्वारा फिरोजपुर छावनी में एक मामला दर्ज किया गया था। इस संबंध में आरोपी एएसआई शिकायतकर्ता से मिला और उसे धमकी दी कि उसके रिश्तेदार को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

2.5 लाख रुपये रिश्वत की थी मांग

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी एएसआई गुरजीत सिंह ने उसके रिश्तेदार की गिरफ्तारी टालने तथा उसकी जमानत का रास्ता आसान करने के बदले 2.5 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। आरोपी एएसआई ने यह भी दावा किया कि यह राशि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज मोहित धवन को दी जानी थी।

प्रवक्ता ने आगे बताया कि शिकायतकर्ता के अनुरोध पर यह सौदा आखिरकार 2.3 लाख रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता ने आरोपी अधिकारी को पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये रिश्वत दे भी दिए थे।

शिकायतकर्ता ने फ्लाइंग स्क्वाड से किया संपर्क

बाकी रिश्वत राशि देने से इनकार करते हुए शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वाड, मोहाली से संपर्क किया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई को शिकायतकर्ता से 1,30,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो थाना मोहाली में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें- भारत को मिला ‘सुदर्शन चक्र’ S-400 स्क्वाड्रन, ऑपरेशन सिंदूर में खून के आंसु रोया था पाकिस्तान, चीन की नींद हराम

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button