
Canada : केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की टोरंटो यात्रा के दौरान भारत के सबसे बड़े व्यापार और वाणिज्यिक प्रतिनिधिमंडल के साथ कनाडा में छत्तीसगढ़ व्यापार समुदाय के लिए वैश्विक मंच पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (सीसीसीआई) और कनाडा की दो प्रमुख व्यापारिक संस्थाओं इंडो-कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसीसी) और कनाडा हिंदू चैंबर ऑफ कॉमर्स (सीएचसीसी) के बीच टोरंटो में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस प्रक्रिया में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (एनएसीएचए) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

NACHA अध्यक्ष ने CCCI अध्यक्ष का किया स्वागत
इस दौरान नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (एनएसीएचए) के कनाडा अध्यक्ष एवं कार्यकारी उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कनाडा भर के एनएसीएचए सदस्यों की ओर से छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (सीसीसीआई) के राज्य अध्यक्ष सतीश थौरानी जी का स्वागत किया।
दरअसल, इंडो-कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसीसी) को भारत और कनाडा के बीच व्यापारिक और आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने वाला सबसे पुराना कनाडाई चैंबर माना जाता है, जिसे प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित किया गया है।

वहीं, कनाडा हिंदू चैंबर ऑफ कॉमर्स (सीएचसीसी) कनाडा में हिंदू व्यापार समुदाय के प्रतिनिधित्व और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाला प्रमुख मंच है। यह संस्था लंबे समय से समुदाय में उद्यमिता और सहयोग को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। यह पूरी पहल भारत के कनाडा में उच्चायुक्त महामहिम दिनेश के. पटनायक, महावाणिज्यदूत महावीर सिंहवी और उप महावाणिज्यदूत कपिध्वज सिंह के मार्गदर्शन और समर्थन में संपन्न हुई।
छत्तीसगढ़–कनाडा व्यापार को नई दिशा मिलने की उम्मीद
बता दें कि इस सहयोग से छत्तीसगढ़ और कनाडा के बीच व्यापार, निवेश, नेटवर्किंग और आर्थिक साझेदारी को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों और उद्योगों के लिए नए अवसर खुलेंगे।
“वैश्विक अवसरों का विस्तार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम”
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के राज्य अध्यक्ष सतीश थूरानी ने कहा कि “यह साझेदारी छत्तीसगढ़ के व्यवसायों के लिए वैश्विक अवसरों का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम कनाडाई उद्योग जगत के नेताओं और संस्थानों के साथ और अधिक मजबूत सहयोग की उम्मीद करते हैं।”

“व्यापारिक समुदायों के बीच आर्थिक सहयोग को बढ़ावा”
वहीं इंडो-कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा कि “इंडो-कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स, भारत और कनाडा के बीच द्विपक्षीय व्यापार, नवाचार (innovation) और व्यापारिक विकास को बढ़ावा देने के लिए CCCI के साथ सहयोग करके बेहद प्रसन्न है।”
महर्षि जानी (अध्यक्ष, CHCC) ने कहा कि “यह MoU कनाडा और छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदायों के बीच उद्यमिता, व्यापारिक जुड़ाव और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के हमारे साझा दृष्टिकोण को दर्शाता है।”
“छत्तीसगढ़ प्रवासी समुदाय के लिए गर्व का क्षण”
एनएसीएचए कनाडा अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने कहा कि “कनाडा में रह रहे छत्तीसगढ़ के प्रवासियों के लिए यह एक गर्व का क्षण है। NACHA के रूप में, हम छत्तीसगढ़ के लिए सार्थक वैश्विक साझेदारियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो न केवल हमारे वर्तमान समुदाय के लिए बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी दीर्घकालिक अवसर पैदा करेंगी।”
ये भी पढ़ें – आज किस राशि का चमकेगा भाग्य और किसे रहना होगा सतर्क? पढ़ें सभी 12 राशियों का हाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









