
PM Modi : उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर जारी है। आसमान से बरसती आग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से एक खास अपील की है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि बाहर निकलते समय अपने साथ पानी अवश्य रखें, खुद को हाइड्रेट रखें और जरूरतमंदों को भी पानी पिलाएं। ये बात उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए कही।
शेयर की गई अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें।
पीएम मोदी ने की इन लोगों की सराहना
ऐसे मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी बहुत बड़ा सहारा बन जाती है। यदि संभव हो, तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी अवश्य दें। मैं ऐसे लोगों की सराहना भी करूँगा जो अपने घरों के और दुकानों के बाहर मटके में जल रखते हैं ताकि कोई भी उनसे पानी पी सके।
“प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल पूछें”
जब भी संभव हो, अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों को फोन कर उनका हालचाल अवश्य पूछें। उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप में बाहर न निकलने और जितना हो सके, आराम करने की सलाह दें।
“पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए”
इस प्रचंड गर्मी में हमें अपने आसपास के पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए। अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा-सा बर्तन रखना भी किसी प्यासे पक्षी के लिए जीवनदान बन सकता है। आइए, इन कठिन दिनों में पूरी संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का ध्यान रखें।
ये भी पढ़ें – ईरान की जेल में बंद 10 भारतीय नाविक रिहा, भारत लौटने की तैयारी तेज
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









