मौसम

मौसम का बदला मिजाज: यूपी-दिल्ली में भीषण गर्मी, हिमाचल में बर्फबारी, 7 राज्यों में बारिश का अलर्ट

Weather Update : दिल्ली-NCR और यूपी गर्मी से तप रहा है. हीटवेव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत भीषण लू की चपेट में हैं. मौसम विभाग ने दिल्ली में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं यूपी में भी लू को लेकर अलर्ट है. कल दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज आंधी के बाद हल्की बूंदाबादी हुई थी. कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया था और आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा दक्षिणी अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी है. अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है. केरल में मानसून 26 मई तक पहुंचने की उम्मीद है.

बिहार और झारखंड में तेज आंधी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, विदर्भ और बिहार समेत कई राज्य भीषण लू की चपेट में रहेंगे. IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में गंभीर लू की स्थिति बनने की चेतावनी दी है. पश्चिम राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में भी 24 से 28 मई के बीच भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी. दिल्ली में गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं राजस्थान में धूलभरी आंधी चल सकती है. बिहार और झारखंड में 24 और 25 मई को तेज आंधी चल सकती है.

दिल्ली और यूपी में भीषण गर्मी

आईएमडी के अनुसार देश के कई हिस्सों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. कल विदर्भ के ब्रह्मपुरी में सबसे अधिक 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं रात का तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्म रातों का सामना करना पड़ रहा है.

दिल्ली और यूपी में जहां एक तरफ भीषण गर्मी पड़ रही है. वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट होगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 28 मई तक तेज बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बन सकती है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली जिमखाना क्लब को 5 जून तक खाली करने का आदेश, केंद्र ने लिया बड़ा फैसला

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button